Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

KMP Expressway Accident: एक्सप्रेस वे पर टकराए 5 वाहन, डंपर-कंटेनर में आग लगी, 2 लोग जिंदा जले

KMP Expressway Accident हरियाणा के तावडू उपमंडल के अंतर्गत मोहम्मदपुर अहिर थाना क्षेत्र में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गांव सबरस और गुढ़ी के बीच अचानक ब्रेक लगने से हुए चेन रिएक्शन में...

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
हादसे के बाद वाहनों में लगी आग। हप्र
Advertisement

KMP Expressway Accident हरियाणा के तावडू उपमंडल के अंतर्गत मोहम्मदपुर अहिर थाना क्षेत्र में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गांव सबरस और गुढ़ी के बीच अचानक ब्रेक लगने से हुए चेन रिएक्शन में पांच वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में रोड़ी से लदा लंबा डंपर और एक कंटेनर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और टक्कर के तुरंत बाद दोनों में आग लग गई।

आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में डंपर और कंटेनर आग का गोला बन गए। वाहनों में फंसे चालक और खलासी की मौके पर ही जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। शव पूरी तरह झुलस जाने के कारण मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

Advertisement

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया और सूचना मिलते ही आसपास के इलाकों से लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां बुलाई गईं, जिन्होंने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई। इसके बाद यातायात सामान्य करने में पुलिस को लगभग तीन घंटे लगे।

Advertisement

स्थानीय ट्रक चालकों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा एक वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से हुआ। आगे चल रही दो गाड़ियां मौके से फरार हो गईं, जिसके चलते पीछे से आ रहे वाहन आपस में टकराते चले गए और बड़ा हादसा हो गया।

मोहम्मदपुर अहिर थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और वाहन मालिक मौके पर पहुंच चुके हैं। प्राथमिक जांच में अचानक ब्रेक लगना हादसे का मुख्य कारण सामने आया है। पुलिस फरार वाहनों की तलाश कर रही है और शिकायत मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
×