Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Fetal sex determination: गाजियाबाद में भ्रूण लिंग-जांच का भंडाफोड़, झज्जर की टीम ने दो को पकड़ा, एक फरार

Fetal sex determination: पैसे के लालच में झज्जर से गर्भवती महिलाओं को ले जाया जाता था गाज़ियाबाद

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
टीम के साथ पकड़े गए आरोपी। हप्र
Advertisement

Fetal sex determination: झज्जर के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यूपी के गाजियाबाद में भ्रूण लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। जिला समुचित प्राधिकरण झज्जर को गत सप्ताह गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के प्रताप नगर में अश्वनी नामक व्यक्ति पैसों के लालच में झज्जर एवं आसपास के क्षेत्रों से आने वाली गर्भवती महिलाओं के भ्रूण की अवैध रूप से लिंग जांच करवाता है।

मामले को लेकर डॉ. संदीप कुमार (नोडल अधिकारी, पीसी–पीएनडीटी), डॉ. बसंत कुमार दुबे, डॉ. नेहा त्यागी, विनोद कुमार, रजनेश एवं प्रदीप कुमार की एक विशेष टीम गठित की गई। योजना के तहत एक गर्भवती महिला तथा उसके पति को प्रलोभन ग्राहक बनाया गया। गुप्त सूचना के अनुसार 10 मार्च सुबह टीम उनको लेकर प्रताप नगर गाजियाबाद पहुंच गई। वहां जाकर पति ने एजेंट अश्वनी से मोबाइल के माध्यम से संपर्क किया और 35000 रुपये में लिंग जांच की डील तय की।

Advertisement

थोड़ी देर बाद अश्वनी उनके पास आया और 35 हज़ार रुपये लिए। उसके बाद गर्भवती महिला को लेकर वह एल ब्लॉक, प्रताप विहार स्थित एक निजी मकान में लेकर गया। टीम ने उनका पीछा किया। गाजियाबाद टीम से नोडल अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार मिश्रा व नायब तहसीलदार उमेश त्यागी ने झज्जर टीम को ज्वाइन किया।थोड़ी देर बाद वहां वसीम ओर बलवान सिंह नामक दो व्यक्ति पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन लेकर आए। मशीन वसीम की थी और बलवान सिंह ने महिला की पोर्टेबल मशीन से अवैध लिंग जांच की। अश्वनी ने महिला के पति को फोन पर बताया कि गर्भ में लड़का है।

Advertisement

इसके बाद बलवान ओर वसीम घर से निकल कर अपनी कार की ओर जाने लगे। इसी बीच सयुंक पीएनडीटी टीम झज्जर व गाजियाबाद के सदस्यों ने दोनों को पकड़ लिया। वसीम से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन व बलवान सिंह से 16000 रुपये की बरामदगी की। एजेंट अश्वनी कुमार टीम को चकमा देकर 19000 रुपये के साथ फरार हो गया।

पूछताछ में सामने आया कि बलवान सिंह पर पहले से ही पीसी पीएनडीटी एक्ट एवं अन्य धाराओं की अवहेलना करने पर चार पांच मुकदमे दर्ज हैं और वह जमानत पर बाहर है। जिसमें से एक मुकदमा बादली थाना झज्जर हरियाणा में दर्ज है। जब्ती की कार्यवाही पूर्ण होने के पश्चात स्थानीय थाना विजय नगर गाजियाबाद पुलिस को मौके पर बुलाकर दोनों आरोपियों वसीम एवं बलवान सिंह को आगामी कानूनी कार्यवाही हेतु पुलिस के सुपुर्द किया गया।

डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल एवं सिविल सर्जन झज्जर डॉ. मंजू कादयान ने अवैध लिंग जांच गिरोह के खिलाफ की गई इस सफल संयुक्त कार्रवाई पर पीएनडीटी टीम और पुलिस विभाग की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सख्त कार्रवाई से समाज में स्पष्ट संदेश जाता है कि लिंग जांच जैसे अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

Advertisement
×