Encounter in Gurugram: मानेसर क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद 25 हजार का इनामी बदमाश काबू
Encounter in Gurugram: गुरुग्राम पुलिस ने बीती रात मानेसर क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उत्तर प्रदेश की जेल से फरार चल रहा था और उस पर कई आपराधिक मामले...
Encounter in Gurugram: गुरुग्राम पुलिस ने बीती रात मानेसर क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उत्तर प्रदेश की जेल से फरार चल रहा था और उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार अपराध शाखा मानेसर के इंचार्ज उप-निरीक्षक मनोज कुमार को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि कन्नौज (उत्तर प्रदेश) से फरार एक इनामी बदमाश अवैध हथियार के साथ बाइक पर पचगांव चौक से गांव खोह कासन की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर विशेष टीम गठित की गई और गोलू होटल के पास नाकाबंदी की गई।
कुछ देर बाद एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने बाइक गिराकर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एक गोली पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद आरोपी फायरिंग करता रहा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह गिर पड़ा।
घायल आरोपी की पहचान अंकित कुमार उर्फ गुड्डा (24), निवासी हजूरापुर जिला कन्नौज (उ.प्र.), हाल निवासी गांव खोह, गुरुग्राम के रूप में हुई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके से पुलिस ने एक बाइक, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और पांच खाली खोल बरामद किए हैं। मुठभेड़ में कुल पांच राउंड फायर हुए—तीन आरोपी की ओर से और दो पुलिस की ओर से।
बताया गया है कि आरोपी जनवरी 2026 में कन्नौज जेल से फरार हुआ था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ चोरी, लूट और शस्त्र अधिनियम के तहत छह मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने थाना मानेसर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी।

