दिल्ली-NCR में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा छाया, नोएडा में 8वीं तक के स्कूल आज व कल बंद
Delhi NCR Weather: जिला प्रशासन का आदेश, सभी बोर्ड के नर्सरी से कक्षा 8 तक के विद्यालय रहेंगे बंद
Delhi NCR Weather: दिल्ली व इससे सटे इलाकों एनसीआर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। चारों ओर घना कोहरा छाया हुआ है। इसे देखते हुए गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) जिले में भीषण ठंड और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने शुक्रवार और शनिवार को आठवीं कक्षा तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार की ओर से शुक्रवार सुबह जारी आदेश में कहा गया कि मौजूदा मौसम परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में लिया गया है।
आदेश के अनुसार, सीबीएसई, आईसीएसई, आईबी, यूपी बोर्ड समेत अन्य सभी बोर्ड से संबद्ध नर्सरी से लेकर कक्षा आठवीं तक के विद्यालय 16 और 17 जनवरी को बंद रहेंगे।
आदेश उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
प्राथमिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई स्कूल इस अवधि में आदेश का उल्लंघन करते हुए खुला पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पहले ही बढ़ाया जा चुका था शीतकालीन अवकाश
गौरतलब है कि शीत लहर की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला शिक्षा विभाग पहले ही जिले के सभी विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश को 15 जनवरी तक बढ़ा चुका था। इसके बावजूद मौसम में सुधार न होने के कारण अब दो दिन के लिए फिर से स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।

