Delhi Fire: पार्किंग में खड़े वाहनों में आग, समय रहते आठ लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया
Delhi Fire: पश्चिमी दिल्ली के फतेह नगर स्थित एक रिहायशी इमारत के पार्किंग क्षेत्र में मंगलवार तड़के आग लगने के बाद आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब 3:50 बजे जेल...
Delhi Fire: पश्चिमी दिल्ली के फतेह नगर स्थित एक रिहायशी इमारत के पार्किंग क्षेत्र में मंगलवार तड़के आग लगने के बाद आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब 3:50 बजे जेल रोड पर रणबीर बेकरी के पास फतेह नगर स्थित एक इमारत में आग लगने की सूचना मिली। डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि आग की चपेट में पार्किंग में खड़ी दो कारें, दो स्कूटर और भूतल सहित तीन मंजिला रिहायशी इमारत का कुछ हिस्सा आ गया।
अग्निशमन कर्मियों ने बताया कि आग बुझाने के दौरान रसोई गैस के दो सिलेंडर फट गए, हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। इमारत में मौजूद सभी आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। शुरुआत में मौके पर दो दमकल गाड़ियों को भेजा गया।
आग की तीव्रता बढ़ने पर अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी घटनास्थल पर रवाना किया गया। अधिकारी ने बताया कि सुबह 6:35 बजे आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

