Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Delhi Cylinder Blast : मजलिस पार्क में आग बुझाते समय फटा LPG सिलेंडर, पुलिस-दमकलकर्मी समेत 14 लोग जख्मी

घर में लगी आग बुझाने के दौरान गैस सिलेंडर में विस्फोट; पुलिसकर्मियों समेत 14 लोग घायल

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Delhi Cylinder Blast : उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मजलिस पार्क में एक घर में लगी आग को बुझाने की कोशिश के दौरान एक एलपीजी (रसोई गैस) सिलेंडर फट गया, जिससे दमकलकर्मियों और पुलिसकर्मियों समेत 14 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घर में सुबह करीब 9 बजे आग लग जाने के बाद उसे बुझाने का प्रयास कर रहे तीन पुलिसकर्मी और तीन दमकलकर्मी रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट के कारण घायल हो गए।

अधिकारियों के अनुसार, आग के कारण इमारत में और आसपास मौजूद कई स्थानीय लोग भी घायल हो गए। पुलिस और दमकलकर्मियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंचीं और उन्होंने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ''अभियान के दौरान एक एलपीजी सिलेंडर फट गया, जिससे आग बुझाने और निवासियों को निकालने की कोशिश कर रहे कई कर्मी घायल हो गए।'' उन्होंने बताया कि इस घटना में आदर्श नगर पुलिस थाने के तीन पुलिसकर्मी और वजीरपुर अग्निशमन कार्यालय के तीन अधिकारी घायल हो गए।

Advertisement

Advertisement

अधिकारी के मुताबिक, सभी घायलों को पहले बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि चोटों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया गया और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है। अधिकारी के अनुसार, दमकल विभाग के अथक प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि प्राधिकारी इस घटना के दौरान हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं। घायल पुलिसकर्मियों की पहचान पुलिस उपनिरीक्षक प्रेम पाल, सहायक उपनिरीक्षक संदीप और कांस्टेबल राहुल के रूप में हुई है।

अन्य घायल नागरिकों की पहचान विशाल, राजेश, जगदीप सिंह, शेर खान, दीपक गोयल, राहुल, पंकज अग्रवाल और पूरनचंद के रूप में हुई है। इसके अलावा, तीन दमकलकर्मी - सुरेश बहल, सीताराम मीणा और वेद प्रकाश - भी घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि प्राधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या आग पार्किंग क्षेत्र में 'शॉर्ट सर्किट' के कारण लगी थी या इसके लिए एलपीजी का रिसाव जिम्मेदार है।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि तीन दमकलकर्मी, तीन पुलिसकर्मी और सात अन्य लोग घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, ''सुबह करीब नौ बजे इमारत के पार्किंग क्षेत्र में आग लग गई और देखते ही देखते ऊपरी मंजिलों तक फैल गई, जिससे निवासियों और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। आग तब लगी जब पार्किंग क्षेत्र में एक स्कूटर की बैटरी चार्ज की जा रही थी।''

उन्होंने बताया कि स्कूटर की बैटरी चार्ज पर लगी थी और अचानक वह अत्यधिक गर्म हो गई। उन्होंने बताया कि कुछ ही मिनटों में आग की लपटों ने पूरे पार्किंग स्थल को अपनी चपेट में ले लिया और आग बहुत तेजी से फैल गई तथा देखते ही देखते पूरी इमारत धुएं से भर गई।

Advertisement
×