BRICS Summit: रविवार को सुबह 6 बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो, छात्रों और यात्रियों को मिलेगी राहत
यातायात प्रतिबंधों को देखते हुए DMRC का फैसला; सामान्य रविवार की तुलना में एक घंटे पहले शुरू होंगी सभी कॉरिडोर पर मेट्रो सेवाएं
दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर लागू यातायात प्रतिबंधों के बीच यात्रियों और परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए राहत की खबर है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने रविवार को सभी मार्गों पर मेट्रो सेवाएं सुबह छह बजे से शुरू करने का फैसला किया है।
सामान्य तौर पर रविवार को दिल्ली मेट्रो की पिंक, मजेंटा और ग्रे लाइन पर सेवाएं सुबह सात बजे शुरू होती हैं। लेकिन ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के कारण दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात प्रतिबंधों को देखते हुए सेवाएं एक घंटे पहले शुरू की जाएंगी।
डीएमआरसी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। निगम ने कहा कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान यातायात प्रतिबंधों के बीच परीक्षा में बैठने वाले छात्रों और आम जनता की सुगम एवं समयबद्ध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रविवार को सभी मार्गों पर मेट्रो ट्रेन सेवाएं सुबह छह बजे शुरू होंगी।
Early Resumption of Metro Services
To facilitate the smooth and timely movement of students appearing for examinations and the general public amid traffic restrictions due to the BRICS Summit, Metro train services will commence at 06:00 AM on all lines on Sunday, 13th September…
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) September 11, 2026
डीएमआरसी के मुताबिक, मेट्रो सेवाएं जल्दी शुरू होने से परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के साथ-साथ अन्य यात्रियों को भी अपने गंतव्य तक समय पर पहुंचने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें: LIVE: भारत पहुंचे रूस के राष्ट्रपति पुतिन, PM मोदी से द्विपक्षीय वार्ता पर नजर; BRICS Summit में होंगे शामिल
यात्रियों को यात्रा की पहले से योजना बनाने की सलाह
ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान दिल्ली के कुछ हिस्सों में यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू किए जा सकते हैं। ऐसे में डीएमआरसी ने छात्रों और अन्य यात्रियों को अपनी यात्रा की पहले से योजना बनाने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें: BRICS Summit: दिल्ली में कड़ी सुरक्षा, 15 हजार पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बलों की 200 कंपनियां तैनात
सम्मेलन के दौरान विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के काफिलों की आवाजाही के समय कुछ सड़कों पर अस्थायी रूप से यातायात रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। ऐसे में मेट्रो को सार्वजनिक परिवहन के एक महत्वपूर्ण विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।

