Aya Nagar Murder Protest : हत्या के विरोध में प्रदर्शन से दो घंटे तक बाधित रहा एमजी रोड, एनएच-48 पर भीषण जाम
हत्या के बाद फूटा गुस्सा, MG रोड पर प्रदर्शन से गुरुग्राम जाने वाला रास्ता प्रभावित
Aya Nagar Murder : दक्षिण दिल्ली के आया नगर इलाके में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या किए जाने के विरोध में मंगलवार को परिजनों ने प्रदर्शन किया, जिससे सड़क दो घंटे से अधिक समय तक अवरुद्ध रहा तथा गुरुग्राम और मेहरौली-बदरपुर रोड की ओर जाने वाले यातायात की रफ्तार थम गई। यह प्रदर्शन आया नगर में हुई हत्या के विरोध में एमजी (मेहरौली-गुरुग्राम) रोड स्थित अर्जनगढ़ मेट्रो स्टेशन के पास आयोजित किया गया था।
परिजनों द्वारा गुरुग्राम और मेहरौली-बदरपुर (एमबी) रोड की ओर जाने वाली सड़क को दो घंटे से अधिक समय तक अवरुद्ध किए जाने से इस व्यस्त मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इस बीच दिल्ली यातायात पुलिस ने एक परामर्श जारी कर बताया कि प्रदर्शन के कारण एमजी रोड पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। पुलिस ने वाहन चालकों को प्रभावित मार्ग से बचने की सलाह दी और छतरपुर के सीडीआर चौक से गाड़ियों के मार्ग में परिवर्तन किया।
यातायात पुलिस द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम और मेहरौली के बीच यात्रा करने वाले लोगों को राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (एनएच-48), महिपालपुर और अंधेरिया मोड़ वाले वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल करने को कहा गया है। इसी तरह मेहरौली से गुरुग्राम जाने वाले यात्रियों को अंधेरिया मोड़, महिपालपुर और एनएच-48 से होकर जाने की सलाह दी गई है।
बाद में स्थानीय पुलिस ने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण तरीके से खत्म करवा दिया। हालांकि, इतनी देर सड़क जाम रहने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे) पर भीषण जाम लग गया, जिससे धौला कुआं से लेकर गुरुग्राम तक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे जहां भी संभव हो मेट्रो सेवा का उपयोग करें, अपनी यात्रा का समय पहले से तय करके निकलें और अतिरिक्त समय लेकर चलें।

