Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

आस्था कुंज पार्क दुष्कर्म मामला: पीड़िता ने दिखाए घटनास्थल, FSL ने जुटाए जैविक साक्ष्य

17 वर्षीय किशोरी ने पुलिस को बताए तीन अलग-अलग स्थान; DNA जांच से आरोपियों से कथित अपराध का संबंध स्थापित करने की कोशिश

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
नई दिल्ली के पास आस्था कुंज पार्क में 17 साल की लड़की के साथ गैंगरेप के बाद, लेडी श्रीराम कॉलेज (LSR) की छात्राओं ने सुरक्षा के बेहतर इंतज़ामों की मांग करते हुए एकजुटता मार्च निकाला। पीटीआई फोटो
Advertisement

दिल्ली के आस्था कुंज पार्क बलात्कार कांड की 17 वर्षीय पीड़िता ने फॉरेंसिक टीम को वे स्थान दिखाए जहां उसके तीन लोगों ने चाकू दिखा कर उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया था। इससे जांचकर्ताओं को घटनास्थल से कई जैविक साक्ष्य बरामद करने में मदद मिली। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, किशोरी ने पुलिस को बताया कि पार्क में अलग-अलग सुनसान स्थानों पर दुष्कर्म के दौरान तीनों आरोपियों ने उसकी गर्दन पर चाकू लगाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। रोहिणी स्थित फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम और जिला मोबाइल अपराध टीम ने बाद में किशोरी द्वारा बताए गए स्थानों की जांच की और वैज्ञानिक परीक्षण के लिए कई नमूने एकत्र किए।

Advertisement

अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि जैविक साक्ष्यों के डीएनए विश्लेषण से जांचकर्ताओं को आरोपियों और कथित अपराध के बीच संबंध स्थापित करने में मदद मिल सकती है।

Advertisement

किशोरी अपने जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को 17 वर्षीय मित्र के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। मंदिर में पूजा करने के बाद दोनों ने कालकाजी मेट्रो स्टेशन के बाहर चिप्स और पानी की एक बोतल खरीदी और फिर गेट नंबर सात से आस्था कुंज पार्क में प्रवेश किया। घटना के विवरण के अनुसार, दोनों एक बेंच पर बैठकर चिप्स खा रहे थे, तभी तीनों आरोपी उनके पास पहुंचे।

आरोपियों ने किशोरी के मित्र को कथित तौर पर पकड़ लिया, उसे थप्पड़ मारे और दोनों ने जब पूछा कि वे कौन हैं, तो आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया। आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन कथित तौर पर छीन लिए और किशोरी को उसके मित्र से अलग कर दिया। उन्होंने दोनों को धमकाया और किशोरी को पार्क के एक सुनसान हिस्से की ओर ले गए।

आरोपियों में से एक ने दूसरे से पिस्तौल निकालने को कहा। किशोरी ने पुलिस को बताया कि जिस व्यक्ति को अन्य लोग आसिफ कहकर बुला रहे थे, उसने बैंगनी रंग की शर्ट पहन रखी थी । और वह अन्य लोगों के मुकाबले थोड़ा मोटा था। उसने कथित तौर पर काले रंग का एक हथियार दिखाया और फिर उसे अपनी जेब में रख लिया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने कथित तौर पर चाकू निकाले और किशोरी को पार्क के एक अंधेरे स्थान पर ले गए।

अधिकारी के अनुसार, एक अन्य आरोपी को वे हेमू कहकर बुला रहे थे और उसे अपराध के दौरान निगरानी रखने को कहा। किशोरी ने आरोप लगाया कि आसिफ ने उसकी गर्दन पर चाकू लगाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने हेमू को बुलाया जो किशोरी को कथित तौर पर दूसरी बेंच पर ले गया और उसकी गर्दन पर चाकू लगाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। तीसरे आरोपी को वे दीपु कहकर बुला रहे थे और फिर उसने लड़की के साथ चाकू दिखा कर दुष्कर्म किया।

किशोरी ने पुलिस को बताया कि कथित हमले के बाद आरोपियों ने उसे घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे और उसके मित्र को जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने उनके मोबाइल फोन वापस किए और दोनों को पार्क से बाहर ले गए। इसके बाद किशोरी ने अपने मित्र को कथित दुष्कर्म के बारे में बताया, जिसके बाद उसने पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को फोन किया।

रात करीब 8:45 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली और पुलिस की एक टीम पार्क के गेट नंबर सात के पास दोनों के पास पहुंची। पुलिस ने बताया कि किशोरी द्वारा घटना का विस्तृत विवरण दिए जाने से जांचकर्ताओं को आरोपियों की पहचान करने में मदद मिली। बाद में वह पुलिस टीम के साथ आस्था कुंज पार्क गई और उन स्थानों की पहचान की जहां कथित दुष्कर्म हुआ था।

एफएसएल टीम और जिला मोबाइल अपराध टीम ने इन स्थानों की जांच की और जैविक तथा अन्य साक्ष्य एकत्र किए, जिनमें एक बेंच के पास मिला कंडोम भी शामिल है।

अधिकारियों ने बताया कि नमूनों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है और जांचकर्ता डीएनए प्रोफाइलिंग समेत उनके परिणामों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों आसिफ, हेमंत और महेश को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आसिफ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। वह इसमें जख्मी हो गया था। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Advertisement
×