अवैध रेहड़ी-फड़ी पर जीरो टॉलरेंस, मेयर ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने बुधवार को नगर निगम के विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेकर शहर में अवैध स्ट्रीट वेंडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में बी एंड आर, सैनिटेशन और इंफोर्समेंट विंग सहित...
चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने बुधवार को नगर निगम के विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेकर शहर में अवैध स्ट्रीट वेंडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में बी एंड आर, सैनिटेशन और इंफोर्समेंट विंग सहित निगम के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। मेयर ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए अधिकारियों को एक्शन मोड में आने को कहा और स्पष्ट किया कि अवैध रेहड़ी-फड़ी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, फुटपाथों और बाजारों में अवैध कब्जा करने वाले वेंडरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, क्योंकि इससे यातायात बाधित होता है और सफाई व सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। बैठक में बताया गया कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार केवल वही स्ट्रीट वेंडर निर्धारित वेंडिंग जोन में कारोबार कर सकते हैं, जिनके पास स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट, 2014 के तहत जारी वैध प्रमाण पत्र हैं। मेयर ने इंफोर्समेंट विंग को निर्देश दिए कि अवैध वेंडिंग और अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान तेज किया जाए तथा गैर-निर्धारित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अनधिकृत रेहड़ी-फड़ी न लगने दी जाए। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
मनीमाजरा में विभाग मेहरबान
मनीमाजरा में इंफोर्समेंट विभाग फुटपाथ पर चल रहे अवैध रेहड़ी- फड़ी बाजार को लेकर दरियादिली दिखा रहा है। बस स्टेंंड और आसपास फड़ी और गोल गप्पे वाले अवैध कब्जा करके बैठे है। इसके अलावा राणा हवेली, शांति नगर, पिपली वाला टाउन, मौली जागरां कांप्लेक्स, हाऊसिंग बोर्ड चौक व मनीमाजरा ओल्ड रोपड़ रोड पर सरेआम अवैध अतिक्रमण होने से सड़क पर जाम लगा रहता है। लोगों का कहना है नगर निगम की ओर से तैनात कर्मी यहां कोई कार्यवाही नहीं करते।

