Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

वित्त कमेटी की बैठक में करीब 10 करोड़ के वर्क ऑर्डर, 10 करोड़ के नये एस्टीमेट पास

मोहाली में विकास को रफ्तार

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
मीटिंग में उपस्थित मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू एवं अन्य अधिकारी।-निस
Advertisement
नगर निगम मोहाली की वित्त एवं अनुबंध कमेटी (एफ एंड सी सी) की अहम बैठक सोमवार को मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू की अगुवाई में आयोजित की गई। इसे मौजूदा कार्यकाल की संभावित आखिरी बैठक माना जा रहा है। बैठक में शहर के विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से करीब 10 करोड़ रुपये के वर्क ऑर्डर जारी किए गए, जबकि लगभग 10 करोड़ रुपये के नए एस्टीमेट पास कर मंजूरी के लिए स्थानीय सरकार को भेजे गए।

बैठक में शहर की बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए सीवरेज व्यवस्था सुधारने, एन-चो की सफाई और हाल ही में नगर निगम में शामिल किए गए गांवों के तालाबों की सफाई जैसे मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा सेक्टर 76 से 80 तक लंबे समय से अधूरे पड़े विकास कार्यों को भी प्रमुखता से उठाया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इन कामों को जल्द पूरा किया जाए ताकि लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी न उठानी पड़े।

Advertisement

मीटिंग का एक महत्वपूर्ण एजेंडा सेक्टर 119 ग्रीन इन्क्लेव से ब्लोमाजरा गांव की पंचायत जमीन तक पाइपलाइन बिछाने से जुड़ा था। इस प्रोजेक्ट के तहत करीब 7 एकड़ क्षेत्र में पाइपलाइन डालने की योजना है। साथ ही यहां 500 केएलडी क्षमता का पोर्टेबल सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) लगाने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया। इस प्लांट की इंस्टॉलेशन, कमीशनिंग और पांच साल तक की मेंटेनेंस की जिम्मेदारी भी ठेकेदार को दी जाएगी। इस पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 3.61 करोड़ रुपये बताई गई है। बैठक के दौरान इस काम के लिए विभिन्न कंपनियों द्वारा दिए गए टेंडरों पर भी चर्चा की गई और तकनीकी मानकों के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय की गई। बैठक के बाद मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू ने कहा कि नगर निगम का मुख्य लक्ष्य मोहाली को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और विकसित शहर बनाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई है, उन्हें जल्द जमीन पर शुरू कराया जाएगा। मेयर ने यह भी स्वीकार किया कि शहर के कई इलाकों में सीवरेज से जुड़ी समस्याएं हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सीवरेज सिस्टम को मजबूत करने के लिए विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी। राजनीतिक रूप से भी इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसे मौजूदा कार्यकाल की आखिरी बैठक के रूप में देखा जा रहा है।

Advertisement

Advertisement
×