Rape and Fraud : बलटाना पुलिस चौकी के बाहर खुद को आग लगाने वाली महिला ने पीजीआई में तोड़ा दम
दुष्कर्म और 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत पर कार्रवाई न होने से थी परेशान; मोहाली की डिप्टी कमिश्नर और महिला आयोग ने दिए जांच के आदेश
Rape and Fraud : बलटाना पुलिस चौकी के बाहर पुलिस की कथित निष्क्रियता और अनदेखी से तंग आकर खुद को आग लगाने वाली 28 वर्षीय महिला की शनिवार को चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। उसका आरोप था कि लगातार शिकायत के बावजूद पुलिस आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, महिला और आरोपी युवक के बीच पहले से प्रेम संबंध थे। परिजनों की शिकायत के मुताबिक, युवक ने शादी का भरोसा देकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद उसने सैलून खोलने का झांसा देकर महिला से करीब पांच लाख रुपये ऐंठ लिए। इसमें से दो लाख रुपये नकद दिए गए थे, जबकि बाकी रकम महिला ने अपने नाम पर कर्ज लेकर जुटाई थी। जब कर्ज की किस्तों और पैसों की वापसी को लेकर दोनों में विवाद बढ़ा, तो युवक ने शादी से इनकार कर दिया और उनके संबंध खराब हो गए।
मृतका के भाई और परिजनों का आरोप है कि वह न्याय के लिए कई दिनों से बलटाना पुलिस चौकी के चक्कर काट रही थी, लेकिन एफआईआर दर्ज करने के बजाय पुलिस उसे टरका रही थी। बीते सप्ताह जब वह अपने भाई के साथ चौकी गई, तो पुलिसकर्मियों ने उनकी बात सुने बिना ही उन्हें वापस भेज दिया। इसी मानसिक प्रताड़ना और दबाव में आकर महिला ने पुलिस चौकी के बाहर ही अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली। करीब 70 प्रतिशत तक झुलसी हालत में उसे पहले सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया और फिर गंभीर हालत के चलते पीजीआई रेफर किया गया, जहां शनिवार को उसकी मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार, उच्च स्तरीय जांच के आदेश
पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच एसपी स्तर के अधिकारी को सौंप दी गई है। वहीं, इस गंभीर घटना का संज्ञान लेते हुए मोहाली की डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल और पंजाब राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने मोहाली के एसएसपी को निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि इस मामले में किसी भी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है, तो सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

