सेक्टर-23 निवासी एक महिला टीचर ऑनलाइन डॉक्टर का नंबर खोजते हुए साइबर ठगों के जाल में फंस गई। ठगों ने उसके बैंक खाते से 2 लाख 3 हजार 812 रुपए निकाल लिए। शिकायत मिलने पर पंचकूला साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़िता सुनीता रानी ने बताया कि वह अभयपुर स्थित स्कूल में अध्यापिका है। वह अपने घर पर मोबाइल से लीवर के डॉक्टर का नंबर सर्च कर रही थी। गूगल पर मिले एक नंबर पर कॉल करने पर सामने वाले व्यक्ति ने कहा कि अस्पताल की ओर से कॉल आएगी। कुछ देर बाद उसके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि अपॉइंटमेंट कन्फर्म करने के लिए अस्पताल के अकाउंट में 10 रुपए भेजने होंगे। सुनीता ने कई बार पैसे ट्रांसफर करने की कोशिश की, लेकिन ट्रांजेक्शन नहीं हुआ। इसी दौरान उसके खाते से 1.32 रुपए किसी अस्पताल के नाम पर ट्रांसफर हो गए। इसके बाद अगले दो दिनों में 11 ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 2 लाख 3 हजार 812 रुपए उसके खाते से निकाल लिए गए। रकम कटने के बाद उसे साइबर ठगी का अहसास हुआ।साइबर थाना के जांच अधिकारी एसआई भूप सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी डिटेल खंगाली जा रही है।