Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

चंडीगढ़ को संवेदना, ईमानदारी और न्याय का शहर बनाएंगे : सौरभ जोशी

आप और कांग्रेस को त्रिकोणीय मुकाबले में हराकर भाजपा ने किया मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पदों पर कब्जा

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
Party president Jatinder Pal Malhorta and other senior leaders pulling the checks of the newly elected Mayor Saurabh Joshi while shares a lighthearted moment with senior leaders at MC office Sector 17 in Chandigarh on Thursday. TRIBUNE PHOTO: RAVI KUMAR
Advertisement
चंडीगढ़ नगर निगम के बृहस्पतिवार को हुए मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव में भाजपा ने आप और कांग्रेस को त्रिकोणीय मुकाबले में धूल चटा कर तीनों पदों पर कब्जा जमा लिया। चुनाव में मेयर पद पर भाजपा के सौरभ जोशी, सीनियर डिप्टी मेयर पद पर जसवंतप्रीत सिंह और डिप्टी मेयर पद पर सुमन शर्मा जीत हासिल की। सुमन शर्मा हाल ही में एक अन्य पार्षद पूनम के साथ आप को छोड़ कर भाजपा में शामिल हुई थी। चुनाव प्रक्रिया प्रिजाइडिंग अफसर रमणीक बेदी ने शुरू करवाई। सबसे पहले कांग्रेस उम्मीदवार के लिए वोटिंग हुई। आप ने कांग्रेस का समर्थन नहीं किया तभी तय हो गया था कि भाजपा ही चुनाव जीतेगी। इसके बाद भाजपा उम्मीदवार के लिए हाथ उठवाए गए। जोशी को 18 वोट मिले। कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार की वोटिंग के बाद वॉकआउट किया। सबसे अंत में आप के उम्मीदवार योगेश ढींगरा के लिए मतदान हुआ। ढींगरा को 11 वोट मिले। पार्टी के लिए बगावती तेवर दिखाने वाले रामचंद्र यादव ने भी अपना वोट ढींगरा को ही दिया। इसके बाद हुए सीनियर डिप्टी मेयर के चुनाव में भाजपा के जसमनप्रीत सिंह ने जीत हासिल की , जबकि डिप्टी मेयर चुनाव भी भाजपा की सुमन देवी जीती। रामचंद्र यादव ने चुनाव से पहले अपना नाम वापस ले लिया। इस बार मेयर चुनाव की वीडियोग्राफी भी करवाई गई ताकि धांधली की कोई गुजाइश न रहे। चुनाव में सांसद मनीष तिवारी भी उपस्थित थे जोकि भाजपा के मेयर बनने के बाद कांग्रेस के पार्षदो के वाकआऊट के साथ ही सदन से चले गए।

पिता की तस्वीर लेकर पहुंचे जोशी

Advertisement

मेयर का पद संभालने के बाद सौरभ जोशी अपने पिता जय राम जोशी की तस्वीर के साथ सदन में पहुंचे उन्होंने कहा कि एक पिता की तपस्या, एक बेटे का संकल्प। मैं वहां से आया हूं जहां राजनीति शोर नहीं थी, सेवा एक संस्कार थी। जहां मेरे पिता ने जिंन्दगी अपने लिए नहीं, उनके लिए जी जिन्हें समाज अक्सर देखना भूल जाता था। उन्होने कहा कि आज इस सदन में मुझे सिर्फ समर्थन नहीं, आज इस सदन में मुझे सिर्फ समर्थन नहीं, अपने पिता की परछाई दिखती है। विपक्ष की आंखों में भी वही सम्मान, वही विश्वास नजऱ आता है। मैं जानता हूँ ये सदन मतों से बंटा है, पर दर्द, संघर्ष और उम्मीद हम सबको एक ही भाषा सिखाती है। आज मैं आपसे प्रतिद्वंद्वी नहीं, एक सहयात्री की तरह बात कर रहा हूँ। क्योंकि कुर्सी एक होती है, पर शहर हम सबका होता है। मुझे पूरा भरोसा है कि आने वाले 300 दिनों में हम सब पक्ष-विपक्ष से ऊपर उठकर चंडीगढ़ को संवेदना, ईमानदारी और न्याय का शहर बनाएंगे।

Advertisement

विकास और जनहित के लिए जनता की स्पष्ट मुहर : तावड़े

मेयर चुनाव में जीत के पश्चात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, जो इस पूरे मेयर चुनाव के प्रभारी रहे, ने प्रदेश कार्यालय सेक्टर-33 कमलम में कहा कि यह जीत केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि चंडीगढ़ के उज्ज्वल भविष्य, विकास और जनहित के लिए जनता की स्पष्ट मुहर है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि चंडीगढ़ के योजनाबद्ध, समन्वित और तेज़ विकास के लिए एक 7 कमेटी का गठन किया जाएगा। इस कमेटी में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर, भारतीय जनता पार्टी के तीन अन्य पार्षद शामिल होंगे तथा यह कमेटी प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में कार्य करेगी। कमेटी का उद्देश्य चंडीगढ़ के विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू करना और शहर के हित में प्राप्त होने वाले सभी सकारात्मक सुझावों को धरातल पर उतारना होगा।

आप का आरोप : कांग्रेस ने फिर भाजपा का खुला साथ दिया

आम आदमी पार्टी के कार्यालय सेक्टर-39, चंडीगढ़ में पार्टी के इंचार्ज जरनैल सिंह एवं को इंचार्ज सन्नी सिंह अहलूवालिया ने मेयर चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया । जरनैल सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ में एक बार फिर मेयर चुनाव हुए और भाजपा ने साजिश रचकर कांग्रेस के खुले समर्थन से अपना मेयर बनवाया। उन्होंने कांग्रेस पर धोखेबाज़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि जब भी भाजपा को समर्थन की ज़रूरत पड़ती है, कांग्रेस खुलकर उसके साथ खड़ी हो जाती है। जरनैल सिंह ने सवाल उठाया कि साज़िश के दम पर बनाए गए भाजपा के मेयर से चंडीगढ़ की जनता को क्या लाभ मिला। उन्होंने भाजपा के 24&7 पानी, सफ़ाई, कूड़ा प्रबंधन और गौशाला जैसे वादों पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि चंडीगढ़ में सेनिटेशन की हालत बेहद खराब है, कूड़ा पंजाब और हरियाणा के डंपिंग ग्राउंड्स में फेंका जा रहा है और गौशालाओं की स्थिति स्लॉटर हाउस से भी बदतर है। उन्होंने कहा कि डबल और ट्रिपल इंजन सरकारों के बावजूद आम जनता को कहीं कोई फायदा नहीं मिला।

जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाएगी कांग्रेस : लक्की

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने आज कहा कि कांग्रेस पार्टी भली-भांति जानती थी कि आज के मेयर चुनाव में उसके पास आवश्यक संख्याबल नहीं है, इसके बावजूद पार्टी ने भाजपा के खिलाफ एक प्रतीकात्मक और सिद्धांत आधारित लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया। उन्होंने स्मरण कराया कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान चंडीगढ़ ने लगातार राष्ट्रीय रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया था और नगर निगम के पास 500 करोड़ से अधिक की फिक्स्ड डिपॉजिट थी, जो सुदृढ़ वित्तीय प्रबंधन और व्यापक विकास को दर्शाती है। लक्की ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी एक रचनात्मक और जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाएगी। जहां आवश्यक होगा वहां सार्थक सहयोग देगी, वहीं जनहित के प्रत्येक मुद्दे को मजबूती से उठाते हुए चंडीगढ़ के लोगों के अधिकारों और हितों की प्रहरी बनी रहेगी।

चर्चा में तिवारी का ट‍्वीट

मेयर चुनाव के बाद सांसद मनीष तिवारी के टवीट ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। तिवारी ने अपने ट‍्वीट में कहा है कि हमारी पैराणिक कथाएं बहुत शिक्षाप्रद हैं। अब मैं भीष्म पितामह की दुविधा को समझ सकता हूं। इस ट‍्वीट के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और विपक्षी दल इसे मेयर चुनाव के साथ जोड़ कर देख रहे हैं।

Advertisement
×