Weather Update: वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय, चंडीगढ़, पंजाब-हरियाणा में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट
Weather Update: सोमवार को 60 किमी प्रतिघंटा तक तेज हवाओं और गरज-चमक के आसार; IMD ने लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी
Weather Update: भारतीय मौसम विभाग (India Meteorological Department IMD) ने चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में सक्रिय हुए नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को क्षेत्र में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की सबसे ज्यादा गतिविधि देखने को मिलेगी। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
आईएमडी के मुताबिक, यह पश्चिमी विक्षोभ मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में सक्रिय है और इसके साथ दक्षिण-पूर्व राजस्थान के आसपास बना चक्रवाती परिसंचरण क्षेत्र नमी और ऊर्जा को उत्तर भारत की ओर खींच रहा है। इसके चलते पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को घरों में रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा किसानों को खेतों में काम रोकने की सलाह दी है।
चंडीगढ़ मौसम विभाग ने हरियाणा के भिवानी, हिसार, सिरसा और फतेहाबाद जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
वहीं पंजाब के लुधियाना, रूपनगर, जालंधर, कपूरथला, तरनतारन, शहीद भगत सिंह नगर, होशियारपुर, अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट जिलों में भी गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
आईएमडी के अनुसार मंगलवार से गुरुवार तक मौसम का प्रभाव थोड़ा कम रहेगा, लेकिन येलो अलर्ट जारी रहेगा। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। शुक्रवार से मौसम साफ होने की संभावना है और सप्ताहांत में गर्मी दोबारा बढ़ सकती है।
चंडीगढ़ ट्राइसिटी क्षेत्र में सोमवार से मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है। सोमवार और मंगलवार को आंधी, बारिश और बिजली चमकने के साथ अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। शुक्रवार तक तापमान फिर 39 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब और हरियाणा में मौसम शुष्क रहा, हालांकि दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में गर्मी बढ़ने लगी है। हरियाणा के फरीदाबाद में रविवार को अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। पंजाब में फरीदकोट 42.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित इमारतों में रहने, बिजली उपकरणों को अनप्लग करने और जलाशयों या खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

