Weather Turn : पंजाब-चंडीगढ़ में बारिश और ओलावृष्टि, हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट
पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। चंडीगढ़, मोहाली, लुधियाना और जालंधर में बारिश दर्ज की गई, जबकि पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और संगरूर जिलों में ओलावृष्टि हुई। मोहाली और अमृतसर में घने बादल...
पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। चंडीगढ़, मोहाली, लुधियाना और जालंधर में बारिश दर्ज की गई, जबकि पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और संगरूर जिलों में ओलावृष्टि हुई। मोहाली और अमृतसर में घने बादल छा जाने से दिन में ही अंधेरे जैसी स्थिति बन गई।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने दोपहर डेढ़ बजे तक संगरूर, पटियाला, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में ओले गिरने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही हलके से मध्यम तूफान का भी अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने और पेड़ों व बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है।
तेज हवाओं और बिजली गिरने का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश में दिन भर गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम बिगड़ने का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। चंडीगढ़ एयरपोर्ट से श्रीनगर आने और जाने वाली दो उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
हिमाचल में भारी बर्फबारी की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चंबा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल स्पीति जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
शिमला में भी मौसम खराब बना हुआ है। किन्नौर और लाहौल स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी शुरू हो चुकी है, जबकि मनाली में एहतियात के तौर पर स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
आगे कैसा रहेगा मौसम
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, आज कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 28, 31 जनवरी और 1 फरवरी को भी कुछ इलाकों में बारिश के आसार बने हुए हैं।
उन्होंने बताया कि अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जबकि फिर दोबारा तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

