Chandigarh Encounter: चंडीगढ़ में वांटेड गैंगस्टर का एनकाउंटर, पैर में लगी गोली
Chandigarh Encounter: सेक्टर-25 में घेराबंदी के दौरान भागने की कोशिश में लगी गोली, सेक्टर-16 अस्पताल में इलाज जारी; कई मामलों में था फरार
Chandigarh Encounter: चंडीगढ़ में बुधवार सुबह पुलिस और एक वांटेड गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ हो गई। ऑपरेशन सेल की टीम ने कुख्यात आरोपी गोलू गोहाना उर्फ मुकेश को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर सतविंदर दुहन के नेतृत्व में ऑपरेशन सेल की टीम को आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने सेक्टर-25 स्थित रैली ग्राउंड के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके चलते पीछा किया गया। इसी दौरान हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी को तुरंत सेक्टर-16 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गोलू गोहाना के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस ने आरोपी को काबू में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

