‘लोकतंत्र की शक्ति का स्मरण कराता है मतदाता दिवस’
एमसीएम डीएवी महिला कॉलेज में कार्यक्रम, प्रशासन के अधिकारी रहे मौजूद
मेहर चंद महाजन डीएवी महिला महाविद्यालय में रविवार को इलेक्शन डिपार्टमेंट, यू.टी. चंडीगढ़ के तत्वावधान में तथा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया।
यह कार्यक्रम ‘माय इंडिया माय वोट’ थीम तथा टैगलाइन ‘भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में नागरिक’ के अंतर्गत आयोजित किया गया। इस अवसर पर चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद, आईएएस मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अन्य गणमान्य अतिथियों में स्वप्निल एम. नाइक, आईएएस, मुख्य निर्वाचन अधिकारी निशांत कुमार यादव, आईएएस, जिला निर्वाचन अधिकारी, अमनदीप सिंह भट्टी, पीसीएस, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सौरभ कुमार अरोड़ा, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी शामिल थे। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की छात्राओं द्वारा शास्त्रीय कथक शैली में प्रस्तुत गणेश वंदना से हुआ।
कार्यवाहक प्राचार्या नीना शर्मा ने जिम्मेदार और जागरूक नागरिकों के निर्माण में शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस भारतीय लोकतंत्र की शक्ति और उसे सुरक्षित रखने में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी का सशक्त स्मरण कराता है।

