Vehicle Theft : जमानत के ढाई माह बाद फिर वाहन करते पकड़ा, 13 दोपहिया बरामद
रेलवे लाइन, श्मशान घाट और घग्गर किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखे थे चोरी के वाहन
पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच-2 ने वाहन चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर 12 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी समेत 13 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के वाहनों को अलग-अलग सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखता था और बाद में उन्हें बेचने की फिराक में था।
सेक्टर-19 निवासी एक व्यक्ति ने 24 सितंबर को शिकायत दी थी कि उसकी हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल 23 सितंबर को मकान के नीचे से चोरी हो गई। सेक्टर-20 थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच-2 की टीम ने फेस-1, सेक्टर-19 से खड़क मंगोली निवासी करीब 29 वर्षीय कर्ण खान को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से शिकायतकर्ता की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
निशानदेही पर 12 मोटरसाइकिल और स्कूटी मिली
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 12 अन्य मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी ने वाहन रेलवे लाइन, श्मशान घाट और घग्गर नदी के आसपास सुनसान झाड़ियों में छिपा रखे थे। बरामद वाहनों का संबंधित थानों में दर्ज चोरी के मामलों से रिकॉर्ड मिलाया जा रहा है।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी के आठ मामले दर्ज हैं। वह करीब ढाई माह पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद दोबारा वाहन चोरी में सक्रिय हो गया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बरामद वाहन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी।

