Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

यूटीसीए आयोजित करेगा मेंस और विमेंस चंडीगढ़ प्रीमियर लीग

पहली बार होगी सीडब्ल्यूपीएल

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन में उत्साहजनक रिस्पांस मिलने के बाद यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए इस सीजन मेंस और विमेन्स वर्ग में चंडीगढ़ प्रीमियर लीग (सीपीएल) आयोजित करने जा रही है। है। टूर्नामेंट के सफल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए उच्च स्तरीय बैठकों का दौर जारी है। यूटीसीए के फाउंडर प्रेसीडेंट और बीसीसीआई की विमेंस प्रीमियर लीग की गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजय टंडन ने कहा कि चंडीगढ़ महिला क्रिकेट का उभरता हुआ केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि नंदिनी शर्मा, काश्वी गौतम और तानिया भाटिया जैसी खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना इस शहर की प्रतिभा और संभावनाओं का प्रमाण है।

Advertisement

टंडन ने जानकारी दी कि यूटीसीए पहली बार शहर में चंडीगढ़ विमेंस प्रीमियर लीग (सीडब्ल्यूपीएल) की शुरुआत करने जा रहा है। इस महिला लीग में तीन फ्रेंचाइजी टीमें शामिल होंगी, जिनका चयन ट्रायल के बाद किया जाएगा। महिला टूर्नामेंट के आयोजन और संचालन के लिए 10 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। इस समिति की अध्यक्षता डॉ. नीरू मलिक करेंगी। समिति में सारांश टंडन, हरि सिंह खुराना, आलोक कृष्ण, देविंदर शर्मा, डेनियल बनर्जी, राहुल तलवार, विनय ग्रोवर, रवि कांत शर्मा और अभिमन्यु शामिल हैं।

Advertisement

वहीं, पुरुष वर्ग की चंडीगढ़ प्रीमियर लीग भी इस सीजन आयोजित की जाएगी, जो पिछले वर्षों की सफलता को आगे बढ़ाएगी। पुरुष लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें पहले ही पुष्टि कर चुकी हैं। टूर्नामेंट के सुचारू संचालन के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की गई है, जिसकी अगुवाई पवन मुतनेजा करेंगे। समिति में हरि सिंह खुराना, आलोक कृष्ण, देविंदर शर्मा और रविंदर सिंह शामिल हैं। दोनों टूर्नामेंट की तारीखें अभी तय नहीं की गई हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तारीखों की घोषणा के बाद ही अंतिम तारिखें निर्धारित की जाएंगी।

टंडन ने कहा कि यूटीसीए इन प्रतियोगिताओं को अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मैचों के लाइव प्रसारण के लिए ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत चल रही है, ताकि स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को व्यापक मंच मिल सके।

\Bटंडन की डीजीपी से मुलाकात\B

यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) के फाउंडर प्रेजिडेंट संजय टंडन ने पुलिस महानिदेशक डॉ. सागरप्रीत हुड्डा से मुलाकात कर ‘गली क्रिकेट 2026’ के चौथे संस्करण के आयोजन के लिए औपचारिक प्रस्ताव सौंपा। यह प्रतिष्ठित ग्रासरूट टूर्नामेंट हर वर्ष चंडीगढ़ पुलिस के सहयोग से आयोजित किया जाता है। टंडन ने बताया कि वर्ष 2023 में शुरू हुआ यह टूर्नामेंट अब क्षेत्र की सबसे बड़ी जमीनी स्तर की क्रिकेट पहलों में से एक बन चुका है। पहले वर्ष में 204 टीमों के 2,448 खिलाड़ियों ने भाग लिया और इसे इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान मिला। वर्ष 2024 में यह आंकड़ा बढ़कर 302 टीमों और 3,624 खिलाड़ियों तक पहुंच गया। पिछले वर्ष 576 टीमों और 6,912 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और टूर्नामेंट को एशिया बुक ऑफ रिकॉड्र्स में भी उल्लेख मिला। गली क्रिकेट 2026 का आयोजन अप्रैल-मई 2026 के दौरान चंडीगढ़ के विभिन्न मैदानों में 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए प्रस्तावित है। यह पहल 'बल्ला घुमाओ, नशा भगाओ' के सामाजिक संदेश के साथ युवाओं को गलियों और मोहल्लों से मैदान तक लाकर उन्हें नशे से दूर रखने का उद्देश्य रखती है। टंडन ने बताया कि टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को यूटीसीए की अंडर-16 और अंडर-19 घरेलू प्रतियोगिताओं में वाइल्ड कार्ड एंट्री दी जाती है, जिससे उन्हें क्रिकेट में आगे बढऩे का अवसर मिलता है।

Advertisement
×