UPI MDR Charge Protest : चंडीगढ़ के मोबाइल रिटेलर 2 अक्टूबर को मनाएंगे ‘नो यू.पी.आई. डे’
क्यूआर कोड पर काली पट्टी बांधकर 0.4 प्रतिशत एमडीआर चार्ज का विरोध करेंगे दुकानदार
UPI MDR Charge Protest : यूपीआई लेन-देन पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर चार्ज के विरोध में चंडीगढ़ के मोबाइल रिटेलर 2 अक्टूबर को ‘नो यू.पी.आई. डे’ मनाएंगे। ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन (एआईएमआरए) के आह्वान पर दुकानदार अपने क्यूआर कोड पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताएंगे। संगठन का कहना है कि कम मार्जिन पर चल रहे मोबाइल कारोबार पर एमडीआर चार्ज से अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
एआईएमआरए के अनुसार मोबाइल रिटेल कारोबार में अधिकांश बिल 2,000 रुपये से अधिक के होते हैं। ऐसे में 0.4 प्रतिशत एमडीआर चार्ज से दुकानदारों के मुनाफे पर सीधा असर पड़ेगा। संगठन का दावा है कि इस व्यवस्था से देश के करीब 1.5 लाख मोबाइल रिटेलरों पर सालाना करीब 500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के दुकानदारों पर भी इसका असर पड़ने की बात कही गई है।
फैसला वापस नहीं लिया तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
एआईएमआरए चंडीगढ़ के अध्यक्ष जी.डी. सिंह ने कहा कि मोबाइल रिटेलरों ने डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके बावजूद एमडीआर चार्ज लगाने से पहले से कम मार्जिन पर काम कर रहे कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि यदि फैसला वापस नहीं लिया गया तो 2 अक्टूबर का विरोध आगे देशव्यापी आंदोलन का रूप ले सकता है।
एआईएमआरए ने शहरवासियों और ग्राहकों से 2 अक्टूबर को स्थानीय मोबाइल कारोबारियों का समर्थन करने तथा भुगतान के लिए नकद या अन्य विकल्प अपनाने की अपील की है।

