दो थार में पहुंचे युवकों ने शोरूम में किया हंगामा
50 हजार की मांग, तीन एलईडी ले जाने की कोशिश; स्टाफ को धमकी
जुझार नगर स्थित टीवी-एलसीडी शोरूम में बिना नंबर प्लेट वाली दो थार गाड़ियों में पहुंचे 6-7 युवकों ने हंगामा किया। आरोप है कि युवकों ने स्टाफ से बहस करते हुए तीन एलईडी उठाकर ले जाने की कोशिश की और शोरूम संचालक से 50 हजार रुपये की मांग की। रकम न देने पर जान-माल के नुकसान की धमकी भी दी। शोरूम संचालक ललित कुमार शाह की शिकायत पर बलौंगी थाना पुलिस ने 6-7 अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
शिकायत के अनुसार, युवक शाम करीब पांच बजे शोरूम पहुंचे और संचालक को मौके पर बुलाने की मांग की। स्टाफ के रोकने पर उन्होंने तोड़फोड़ और सामान उठाने की धमकी दी। हंगामे के दौरान तीन एलईडी उठाईं, लेकिन स्टाफ के विरोध के बाद उन्हें वापस रख दिया और आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूत्रों के मुताबिक विवाद पुराने लेन-देन से जुड़ा हो सकता है। सीसीटीवी में कुछ युवक 50 हजार रुपये लेने की बात करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, शोरूम संचालक ने किसी पुराने लेन-देन से इनकार किया है। पुलिस के अनुसार जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह सामने आएगी।

