पंचकूला नगर निगम चुनाव के चलते टिकट के दावेदार पहुंचे आकाओं की चौखट पर
टिकट तय करने में भाजपा कांग्रेस को करनी पड़ रही है मशक्कत
पंचकूला नगर निगम का चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद आकाओं की चौखट पर मेयर और पार्षद की टिकट मांगने वालों ने हाजिरी लगानी शुरू कर दी है।जानकारी के मुताबिक आगामी 21 से 25 अप्रैल तक नामांकन होंगे। 28 अप्रैल को नामाकंन पत्र वापस ले सकेंगे और 10 मई को सुबह 8 से शाम 6 बजे मतदान होगा। जिसकी 13 को मतगणना होगी। नामांकन को एक सप्ताह शेष रहने के कारण भाजपा, कांग्रेस, आप , इनेलों और जजपा ने मेयर समेत पार्षदो के उम्मीदवार तलाशने शुरू कर दिए है। टिकट को लेकर सबसे ज्यादा मारामारी भाजपा में होने की संभावना जताई जा रही है। पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल टिकट लेने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं, इसके अलावा प्रदीप गोयल, अमित जिंदल, शाम लाल बंसल , रंजीता मेहता भी टिकट के लिए भागदौड़ कर रहे है। कांग्रेस में नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र रॉवल, महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सुधा भारद्वाज , भावना गुप्ता, मनीष बंसल भी टिकट के दावेदार बताये जा रहे है। सूत्रों का कहना है कि चुनाव में आप ‘बड़ा धमाका’ कर सकती है। आप हैवीवेट उम्मीदवार चुनाव में उतार सकती है जिसके लिए सर्वे किया जा रहा है। टिकट मांगने के चाहवान कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन और पूर्व स्पीकर भाजपा नेता ज्ञान चंद गुप्ता के भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल के यहां हाजिरी भर रहे है। टिकट के चाहवान राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा के निवास भी हाजिरी भर रहे है।
पार्षद के लिए 11 वार्ड सामान्य
नगर निगम पंचकूला के कुल 20 वार्डों में से 9 वार्ड महिला, एससी और बीसी कैटेगरी के लिए आरक्षित हैं, जबकि 11 वार्ड सामान्य श्रेणी में रखे गए हैं, जहां महिला व पुरुष दोनों चुनाव लड़ सकेंगे।
पूर्व पार्षदों की टिकट पर चल सकती है कैंची
वार्ड नंबर 1 से भाजपा पार्षद रहे नरेंद्र लुबाना और वार्ड नंबर 2 से भाजपा के ही सुरेश कुमार वर्मा का वार्ड महिला आरक्षित है। वहीं पहले महिला आरक्षित रहे वार्ड नंबर 3 और 4 अब सामान्य (जनरल) श्रेणी में आ गए हैं। इन दोनों वार्डों से भाजपा की महिला पार्षद रितु गोयल और सोनिया सूद निर्वाचित थीं। सेक्टर 16, 17 और 18 को मिलाकर बना वार्ड नंबर 6 भी सामान्य श्रेणी में आ गया है। वार्ड नंबर 8 को अनुसूचित जाति का आरक्षण समाप्त कर जनरल कैटेगरी में डाल दिया गया है। वार्ड 12 जोकि पहले महिला आरक्षित था, यहां से ओमवती पूनिया जोकि पहले निर्दलीय और भाजपा में हैं, का वार्ड अब ओपन कैटेगरी में आ चुका है। वार्ड नंबर 15, जहां से पहले कांग्रेस के गौतम प्रसाद पार्षद थे, वह इस बार महिला आरक्षित है। वार्ड नंबर 16, जहां भाजपा के राकेश कुमार वाल्मीकि पार्षद थे, अब अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। वार्ड नंबर 17, जहां से कांग्रेस के अक्षयदीप चौधरी पार्षद थे, अब अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो चुका है। वार्ड नंबर 18, कांग्रेस के पूर्व पार्षद संदीप सिंह सोही का वार्ड, अब पिछड़ा वर्ग बी के लिए आरक्षित हो चुका है। जबकि वार्ड नंबर 19, अब कांग्रेस की पूर्व पार्षद परमजीत कौर का वार्ड, पिछड़ा वर्ग ए के लिए और वहीं वार्ड नंबर 20, जहां से कांग्रेस के सलीम खान पार्षद हैं, को जनरल कैटेगरी में ही रखा गया है। टिकट के बंटवारे के लिए कई पूर्व पार्षदो पर कैंची भी चल सकती है।
पंचकूला निगम के वार्डों का विवरण
वार्ड 1: सकेतड़ी, भैंसा टिब्बा, एमडीसी सेक्टर-6, सेक्टर-4
वार्ड 2: एमडीसी सेक्टर-5, सेक्टर-2, 6 (माजरी क्षेत्र)
वार्ड 3: सेक्टर-7, सेक्टर-8
वार्ड 4: सेक्टर-9, सेक्टर-10
वार्ड 5: सेक्टर-15
वार्ड 6: सेक्टर-16, 17, 18
वार्ड 7: राजीव कालोनी
वार्ड 8: इंदिरा कालोनी, बुढ़नपुर
वार्ड 9: सेक्टर-19, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2
वार्ड 10: अभयपुर, सेक्टर-14, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1
वार्ड 11: सेक्टर-12, 12ए, रैली, रैला गांव
वार्ड 12: सेक्टर-11, सेक्टर-4, हरिपुर
वार्ड 13: सेक्टर-4, आधा सेक्टर-21, देवीनगर
वार्ड 14: महेशपुर, मद्रासी कालोनी, फतेहपुर के पास की सोसायटी, आधा सेक्टर-21
वार्ड 15: कुंडली, आधा फतेहपुर, आधा सेक्टर-20
वार्ड 16: चंडी कोटला, बीड़ घग्गर, खड़क मंगौली
वार्ड 17: आधा खड़ग मंगौली, चैंकी, सेक्टर-23, 24, 25, नग्गल मोगीनंद, नाडा
वार्ड 18: बाना, मदनपुर, सेक्टर-26, 27, 28
वार्ड 19: रामगढ़, बिल्ला, जसवंतगढ़, दबकौरी, माणक्या, भानू
वार्ड 20: कोट, खंगेसरा, टोका, अलीपुर, सुखदर्शनपुर, नग्गल, जलौली, खटौली

