Nepal Flood Relief: राज्यपाल ने रवाना किए नेपाल के लिए राहत के ट्रक, पासिंग के फेर में चंडीगढ़ में ही फंसे
राज्यपाल कटारिया ने दिखाई थी हरी झंडी, मनीमाजरा में खड़े हैं ट्रक; ड्राइवर बोला- ‘गाड़ी पास नहीं होगी तो नेपाल कैसे जाऊंगा’
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए पंजाब रेड क्रॉस की ओर से भेजी गई राहत सामग्री के तीन ट्रक प्रशासनिक अड़चन के चलते अभी तक नेपाल के लिए रवाना नहीं हो पाए हैं। इनमें से एक ट्रक की पासिंग नहीं होने के कारण तीनों ट्रक मनीमाजरा में खड़े हैं। खास बात यह है कि इन ट्रकों को मंगलवार को पंजाब के राज्यपाल एवं पंजाब रेड क्रॉस के अध्यक्ष गुलाब चंद कटारिया ने पंजाब लोक भवन, चंडीगढ़ से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
राहत सामग्री से लदे ट्रकों में से एक के चालक सुभाष ने बताया कि उसकी गाड़ी की पासिंग नहीं हुई है। उन्होंने कहा, “रेड क्रॉस की ओर से जो सामान नेपाल के लिए आया है, मेरी गाड़ी पास नहीं हो रही। मैं कैसे जाऊंगा नेपाल।” चालक के मुताबिक उत्तर प्रदेश में वाहनों की जांच को लेकर नियम काफी सख्त हैं और बिना पासिंग के आगे जाने पर चालान हो सकता है।
चालक ने बताया कि चंडीगढ़ में आईटीओ 20 तारीख से यहां नहीं आए हैं, जिसके कारण पासिंग का काम नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि कई वाहन चालक वापस लौट रहे हैं। उन्होंने बताया कि राहत सामग्री से भरे दो अन्य ट्रक भी उनकी गाड़ी के पास होने का इंतजार कर रहे हैं। गाड़ी पास होने के बाद तीनों ट्रक एक साथ नेपाल के लिए रवाना होंगे।
राहत सामग्री में बाढ़ प्रभावित लोगों की तत्काल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रेडी-टू-ईट खाद्य सामग्री, राशन, कपड़े और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। पहली खेप की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
नेपाल के साथ एकजुटता का संदेश
ट्रकों को रवाना करते समय राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा था कि पंजाब रेड क्रॉस और पंजाब के लोग नेपाल के बाढ़ प्रभावित समुदायों के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि नेपाल भारत का मित्र और पड़ोसी देश है और संकट की इस घड़ी में वहां के लोगों की सहायता करना मानवीय दायित्व है।
उन्होंने बताया कि पंजाब रेड क्रॉस ने नेपाल रेड क्रॉस के साथ समन्वय स्थापित किया है और वहां राहत कार्यों के लिए आवश्यक वस्तुओं की जानकारी लगातार प्राप्त की जा रही है। नेपाल से प्राप्त मांग और जरूरत की संशोधित सूची के आधार पर राहत सामग्री की अगली खेप भेजी जाएगी।
एक करोड़ रुपये तक की राहत सहायता की योजना
राज्यपाल के अनुसार, वर्तमान खेप के अलावा पंजाब रेड क्रॉस की ओर से नेपाल के लिए करीब 80 लाख से एक करोड़ रुपये तक की कुल राहत सहायता उपलब्ध कराने की योजना है। यह सहायता नेपाल रेड क्रॉस की वास्तविक जरूरतों और मांग के अनुरूप चरणबद्ध तरीके से भेजी जाएगी।
कटारिया ने प्राकृतिक आपदा के समय समाज के सभी वर्गों, संस्थाओं और संगठनों से आगे आकर पीड़ितों की मदद करने की अपील की। उन्होंने बताया कि कई संस्थाएं और लोग भी राहत कार्यों में सहयोग के लिए पंजाब रेड क्रॉस से संपर्क कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब रेड क्रॉस राष्ट्रीय मुख्यालय और नेपाल रेड क्रॉस के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जिन वस्तुओं की तत्काल जरूरत है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जा सके।

