Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

मोहाली में नगर निगम चुनावों की सरगर्मी हुई तेज

राजनीतिक दलों ने शुरू की उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
मोहाली में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल। -निस
Advertisement
पंजाब में नगर निगम और नगर परिषद चुनावों की घोषणा के साथ ही मोहाली में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने उम्मीदवारों के चयन और चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पंजाब चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नगर निगम चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया 13 मई से शुरू होकर 16 मई तक चलेगी।

नामांकन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक दाखिल किए जाएंगे। मतदान 26 मई को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि मतगणना और नतीजों की घोषणा 29 मई को की जाएगी। सोमवार को मोहाली में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी जो जनता से जुड़े हों, लोगों की समस्याओं को समझते हों और सेवा भाव से काम करते हों।

Advertisement

उन्होंने कहा कि नगर निकायों में चुने गए प्रतिनिधियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता की सेवा करना है, चाहे वह वार्डों की सफाई व्यवस्था हो या लोगों की नागरिक समस्याओं का समाधान। गोयल ने बताया कि पार्टी के भीतर विधायक कुलवंत सिंह, जिला प्रधान प्रभजोत सिंह और युवा नेता परमिंदर गोल्डी के साथ मिलकर ऐसे उम्मीदवारों की पहचान की जा रही है जिनकी जनता में अच्छी पकड़ और सेवा भावना हो।

Advertisement

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने साफ संदेश दिया है कि पार्टी सत्ता की राजनीति नहीं बल्कि जनसेवा के लिए काम कर रही है। टिकट वितरण के लिए पार्टी ने स्पष्ट मानदंड तय किए हैं और उम्मीदवारों का चयन उनके काम, जनसंपर्क और समाज के प्रति समर्पण के आधार पर किया जाएगा। महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने के सवाल पर गोयल ने कहा कि पार्टी केवल दिखावे की राजनीति नहीं करती बल्कि योग्य महिलाओं को वास्तविक अवसर देने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि आरक्षित वार्डों के अलावा सामान्य वार्डों में भी योग्य महिला उम्मीदवारों को मौका दिया जाएगा।

राजनीतिक दलों ने शुरू की दावेदारों से बैठकें

जिला कांग्रेस ने भी अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी के ऑब्जर्वर सिमरजीत बैंस ने विभिन्न पार्षदों और टिकट के दावेदारों से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि पार्टी के भीतर अलग-अलग गुटों के नेताओं और दावेदारों के साथ अलग-अलग बैठकों का दौर जारी है। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले कांग्रेस भी जल्द उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है। वहीं शिरोमणि अकाली दल ने भी चुनावों को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के जिला प्रधान परविंदर सिंह सोहाना ने कहा कि उम्मीदवारों के चयन के लिए कमेटी पहले ही गठित की जा चुकी है और मंगलवार को होने वाली बैठक के बाद उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी। अकाली दल स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहा है।

13 तक आएगी भाजपा की सूची

भाजपा भी उम्मीदवार चयन प्रक्रिया में जुटी हुई है। भाजपा जिला प्रधान संजीव वशिष्ठ ने कहा कि पार्टी की ओर से टिकट के इच्छुक नेताओं और कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि 13 मई तक पार्टी अपने उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर देगी और भाजपा पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।

Advertisement
×