सेक्टर 25 के रैली मैदान में बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ टीचर एसोसिएशन (सीटीए) के बैनर तले अध्यापकों ने रेमीडियल कक्षाओं को लेकर रोष जताया। उनका कहना था कि ऑफलाइन मोड में जल्दबाजी में कक्षाएं लगाने से उद्देश्य पूरा नहीं होगा, बल्कि समस्याएं बढ़ेंगी।
सीटीए के कानूनी सलाहकार अरविंद राणा और महासचिव अजय शर्मा ने कहा कि सर्दियों में छात्रों की हाजिरी भी सामान्य कक्षाओं में 30-40 फीसदी रहती है और छुट्टियों में यह लगभग नाम मात्र रह जाएगी। ऐसे में ऑफलाइन रेमीडियल कक्षाओं से लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग छात्रों को सर्दियों में सुरक्षित रखने का दावा करता है, लेकिन रेमीडियल क्लासेस इसके विपरीत हैं।
अध्यापकों ने सुझाव दिया कि रेमीडियल कक्षाओं का मोड ऑनलाइन किया जाए ताकि छात्रों और शिक्षकों की सुविधा बनी रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी बात नहीं सुनी गई तो उन्हें राजभवन तक जाने का विकल्प अपनाना पड़ेगा।
रैली में सीटीए, गवर्नमेंट टीचर यूनियन और यूटी कैडर एजुकेशनल एम्प्लॉयी यूनियन के सदस्य शामिल हुए। रैली के अंत में उन्होंने ड्यूटी मजिस्ट्रेट को शिक्षा सचिव मक्खन सिंह के नाम मांग पत्र सौंपा।

