पंचकूला पुलिस एक हथियार सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए मुख्य हथियार सप्लायर को भी उत्तर प्रदेश से दबोच लिया। यह जानकारी देते हुए एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि 5 जनवरी को डिटेक्टिव स्टाफ पंचकूला की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार के साथ पिंजौर-मढ़ावाला हाईवे पर गांव जट्टामाजरी के पास खड़ा है। सूचना के आधार पर इंचार्ज मनदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को काबू में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सतीश कुमार उर्फ टीटी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और चार कारतूस बरामद किए गए।जांच के दौरान आरोपी सतीश से गहन पूछताछ की गई, जिसमें खुलासा हुआ कि वह यह अवैध हथियार उत्तर प्रदेश से एक सप्लायर से खरीदकर लाया था। इसके आधार पर पुलिस ने मुख्य हथियार सप्लायर आयुष चौधरी उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया।दोनों आरोपियों सतीश कुमार उर्फ टीटी व आयुष उर्फ सोनू को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।