पंचकूला-शिमला हाईवे पर चंडीमंदिर टोल प्लाजा के पास बाइक और स्कूटी से खतरनाक स्टंट करना दो युवकों को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुएपुलिस ने दोनों वाहनों की पहचान कर 45 हजार रुपये के चालान किए और बाइक व स्कूटी को जब्त कर लिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हाईवे और शहर की प्रमुख सड़कों पर स्टंटबाजी तथा खतरनाक ड्राइविंग करने वालों पर लगातार नजर रखी जाएगी। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देश पर डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने कार्रवाई की। सूरजपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक ने वायरल वीडियो की जांच कर दोनों वाहन चालकों की पहचान की। पुलिस के अनुसार एक वाहन का 20 हजार और दूसरे का 25 हजार रुपये का चालान किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि इनमें से एक चालक नाबालिग था।एसीपी ट्रैफिक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों चालकों को सूरजपुर ट्रैफिक थाने में बुलाकर स्टंटबाजी के खतरों के बारे में समझाया गया। दोनों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस के समक्ष माफी मांगी।