शिवालिक गार्डन में आवारा कुत्तों का आतंक, सैर करने वाले परेशान
मनीमाजरा के शिवालिक गार्डन में आवारा कुत्ते दिन भर मंडराते रहते हैं, जिससे यहां सैर करने वाले लोग लगातार परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार ये कुत्ते बुज़ुर्गों और बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल भी...
मनीमाजरा के शिवालिक गार्डन में आवारा कुत्ते दिन भर मंडराते रहते हैं, जिससे यहां सैर करने वाले लोग लगातार परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार ये कुत्ते बुज़ुर्गों और बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल भी कर चुके हैं।
नगर निगम कमिश्नर के आदेशों के बावजूद, जो शिवालिक गार्डन में आवारा कुत्तों पर पाबंदी लगाते हैं, उनका पालन अब तक सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया है। कर्मी इस दिशा में कोई रुचि नहीं दिखा रहे हैं, जिससे कुत्तों का गार्डन में आवागमन बेरोक-टोक जारी है।
नगर निगम के आयुक्त ने गार्डन के प्रवेश द्वार पर सूचना पट्ट के माध्यम से चेतावनी दी है और 500 रुपये जुर्माने का प्रावधान भी किया है, लेकिन यह आदेश सिर्फ सूचना पट्ट तक ही सीमित रह गया है। शिवालिक गार्डन में दिन-रात आवारा कुत्तों के साथ-साथ पालतू कुत्ते भी घूमते हैं, जो सैर करने वाले लोगों के लिए सिरदर्द बन गए हैं।
गार्डन में सैर करने आए रमेश चंद्र ने बताया कि नगर निगम ने सुविधाओं के कई दावे किए हैं, लेकिन वे सिर्फ कागजों तक सीमित हैं। उन्होंने कहा कि गार्डन में न तो चौकीदार है और न ही कोई सुरक्षा कर्मी, जिससे कभी भी अनहोनी हो सकती है।
समाजसेवी रामशेवर गिरी ने कहा कि कुत्तों को रोकने के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाने चाहिए, क्योंकि ये कई बार लोगों और बच्चों पर हमला कर चुके हैं। मजे की बात यह है कि उद्यान विभाग का कार्यालय भी गार्डन में है और वहां कर्मी रहते हैं, लेकिन कोई भी आवारा कुत्तों को अंदर घुसने से नहीं रोकता।

