चंडीगढ़ में SIR की प्रक्रिया तेज : 93,193 मतदाताओं को नोटिस, 20,343 मामलों का निपटारा
कुल 1,38,070 नोटिस जारी किए जाने हैं; 28,134 मामलों की सुनवाई पूरी, 7,791 मामले जांच के अधीन
Chandigarh SIR Voter Verification : चंडीगढ़ में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के तहत अब तक 93,193 मतदाताओं को नोटिस की तामील की जा चुकी है। निर्वाचन विभाग के अनुसार कुल 1,38,070 नोटिस जारी किए जाने हैं। इनमें से करीब 67.5 प्रतिशत नोटिस मतदाताओं तक पहुंच चुके हैं। शेष 44,877 नोटिस तैयार किए जा रहे हैं और जल्द जारी किए जाएंगे।
SIR का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है। इसके तहत डुप्लीकेट, अपात्र और मृत मतदाताओं की प्रविष्टियों को हटाने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह जाए।
28,134 मामलों की सुनवाई पूरी
SIR के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) की ओर से क्षेत्र स्तर पर मतदाताओं के विवरण का सत्यापन किया जा रहा है। जिन मामलों में अतिरिक्त सत्यापन या दस्तावेजों की जरूरत है, उन्हें नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
निर्वाचन विभाग के अनुसार 28,134 मामलों की संबंधित सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों (AERO) के समक्ष सुनवाई हो चुकी है। इनमें से 20,343 मामलों का जरूरी दस्तावेज जमा होने के बाद निपटारा किया जा चुका है, जबकि 7,791 मामले जांच के अधीन हैं।
नोटिस मिलने पर जल्द जमा करें दस्तावेज
निर्वाचन विभाग ने SIR के तहत नोटिस पाने वाले मतदाताओं से अपील की है कि वे जरूरी दस्तावेज जल्द से जल्द संबंधित AERO या अपने बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के पास जमा कराएं। विभाग के अनुसार समय पर दस्तावेज जमा होने से मामलों का जल्द निपटारा किया जा सकेगा और पात्र मतदाताओं का मतदाता सूची में स्थान बरकरार रहेगा।
विभाग ने मतदाताओं से SIR की प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए निर्वाचन मशीनरी का सहयोग करने की अपील भी की है।
1950 पर मिलेगी सहायता
SIR प्रक्रिया, नोटिस या आवेदन की स्थिति से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए मतदाता वोटर हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। हेल्पलाइन 24 घंटे उपलब्ध है। इसके अलावा 1950 पर SMS, Voter Helpline मोबाइल एप या Voters' Service Portal के माध्यम से भी जानकारी ली जा सकती है। मतदाता अपने संबंधित BLO या AERO कार्यालय से भी SIR प्रक्रिया में सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

