हरियाणा प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति ने कथित रूप से पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पंचकूला की पूर्व मेयर उपेंद्र आहलुवालियां, धनेंद्र आहलुवालिया, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रविंद्र रॉवल, पूर्व पार्षद नरेश रॉवल, कांग्रेस नेत्री उपेन्द्र वालिया समेत चार कांग्रेसी नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह नोटिस 4 अप्रैल को समिति के चेयरमैन धर्मपाल मलिक द्वारा जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है कि वर्ष 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में पंचकूला सीट से वह पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार थे, लेकिन संबंधित नेताओं ने उनके खिलाफ काम किया। मामले पर अनुशासन समिति की बैठक में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। समिति का मानना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह पार्टी अनुशासन का गंभीर उल्लंघन है। समिति ने सभी नेताओं को सात दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं । उधर संपर्क करने पर इन नेताओं ने किसी भी प्रकार की टिप्पणी से इनकार कर दिया।
पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
पंचकूला के पंजाबी भवन, सेक्टर-15 में आगामी नगर निगम चुनावों की तैयारियों को लेकर एक विशेष बैठक का आयोजन रविवार को किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी के जिला अध्यक्ष संजय चौहान ने की।
बैठक में मुख्य रूप से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से विशेष रूप से पधारे कोऑर्डिनेटर्स श्याम शर्मा, तरुण शर्मा व बसन्त अहलावत का पंचकूला पहुंचने पर स्वागत किया गया। यह बैठक संभावित प्रत्याशियों को प्रशिक्षण देने और चुनावी रणनीति पर गहन मंथन करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। इस बैठक में आये हुए एआईसीसी कोऑर्डिनेटर्स ने सभी संभावित उम्मीदवारों को चुनाव संबंधी जानकारी प्रदान की।
बैठक में पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रविन्द्र रावल, जिला कांग्रेस कमेटी पंचकूला के उपाध्यक्ष अजय गौतम, उपाध्यक्ष भुला राम, विकास भट्ट उपप्रधान,वित्त सचिव सुनीता मान, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष मुनीर बेगम, वरिष्ठ नेता गुरभाग धमाला, गफूर मोहम्मद, दीपक चौहान, रविन्द्र यादव, राजीव गांधी पंचायती राज कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शर्मा, पूर्व जिला पार्षद चंचल शर्मा, सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

