चंडीगढ़ के कई स्कूलों को फिर मिले बम धमकी वाले E-Mail, पुलिस और बम स्क्वॉड ने चलाया सर्च ऑपरेशन
Chandigarh School Bomb Threat: सेंट स्टीफंस, डीपीएस और चितकारा इंटरनेशनल स्कूल समेत कई संस्थानों को मिला धमकी भरा मेल; जांच के बाद स्कूल भवन सुरक्षित घोषित
Chandigarh School Bomb Threat: चंडीगढ़ में बम धमकी वाले ईमेल मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बृहस्पतिवार सुबह शहर के कई निजी स्कूलों को एक बार फिर धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए, जिसके बाद पुलिस प्रशासन और बम निरोधक दस्ते तुरंत हरकत में आ गए।
सबसे पहले सेक्टर-45 स्थित सेंट स्टीफंस स्कूल, सेक्टर-40 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) और सेक्टर-25 स्थित चितकारा इंटरनेशनल स्कूल को धमकी भरे ईमेल मिले। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें स्कूल परिसरों में पहुंचीं और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान स्कूल भवनों और परिसर की गहन जांच की गई। जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने के बाद स्कूलों को सुरक्षित घोषित कर दिया गया, जिसके बाद प्रबंधन ने दोबारा कक्षाएं शुरू कर दीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हाल के महीनों में यह चौथी बार है जब चंडीगढ़ के स्कूलों को इस तरह के धमकी भरे ईमेल मिले हैं। पिछले मामलों में भी कई स्कूलों के अलावा पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट और नगर निगम चंडीगढ़ जैसे सरकारी संस्थानों को भी इसी प्रकार की धमकियां मिल चुकी हैं।
सूत्रों के मुताबिक, हालिया ट्रेंड में धमकी वाले ईमेल अलग-अलग समय पर विभिन्न स्कूलों को भेजे जा रहे हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
फिलहाल चंडीगढ़ पुलिस ने पूरे शहर में सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस साइबर टीम ईमेल भेजने वालों की पहचान करने में जुटी हुई है।
