Rampur Siuri FOB : पिंजौर के रामपुर सियुड़ी में बनेगा फुट ओवरब्रिज
सांसद वरुण चौधरी की सिफारिश पर गडकरी ने दी मंजूरी
Rampur Siuri FOB : जीरकपुर-परवाणु राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर पिंजौर के रामपुर सियुड़ी में फुट ओवरब्रिज निर्माण को मंजूरी मिल गई है। सांसद वरुण चौधरी की सिफारिश पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने निर्माण को हरी झंडी दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इसके लिए 1 करोड़ 19 लाख 70 हजार 117 रुपये स्वीकृत किए हैं।
शिवालिक विकास मंच के प्रदेशाध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश सचिव विजय बंसल एडवोकेट ने बताया कि सांसद वरुण चौधरी ने अपने पिंजौर-कालका दौरे के दौरान सूरजपुर और रामपुर सियुड़ी के ग्रामीणों की समस्याएं सुनी थीं। ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि एनएचएआई ने हाईवे के डिवाइडर पर ऊंची लोहे की ग्रिल लगाकर पैदल आवाजाही का रास्ता बंद कर दिया है। इसके बाद सांसद ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से यहां फुट ओवरब्रिज निर्माण की मांग की थी।
स्कूली बच्चों को भी मिलेगी सुविधा
राष्ट्रीय राजमार्ग-5 रामपुर सियुड़ी और सूरजपुर गांवों के बीच से गुजरता है। सूरजपुर की ओर राजकीय विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र होने के कारण विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों को प्रतिदिन हाईवे पार करना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार यहां कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। डिवाइडर पर ग्रिल लगाए जाने के बाद लोगों को दूसरी ओर पहुंचने के लिए कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। उनका कहना है कि फुट ओवरब्रिज बनने से क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

