Ram Darbar Encroachment : रामदरबार में अवैध निर्माण ढहाए, नशा तस्करों के मकानों पर भी कार्रवाई
सुबह सात बजे शुरू हुआ अभियान, पुलिस बल और जेसीबी समेत व्यापक इंतजाम
Ram Darbar Encroachment : चंडीगढ़ प्रशासन ने जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर रविवार को रामदरबार फेज-1 और फेज-2 की कच्ची कॉलोनी में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध निर्माण हटाए। अभियान सुबह करीब सात बजे शुरू हुआ। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चंडीगढ़ पुलिस का पर्याप्त बल, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं, तैनात किया गया था।
नगर निगम और एस्टेट ऑफिस की प्रवर्तन टीमों ने श्रमिकों, जेसीबी मशीनों और अन्य मशीनरी की मदद से अवैध निर्माण हटाए। कार्रवाई से पहले संबंधित स्थानों के बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए गए। अभियान की निगरानी के लिए उपमंडल मजिस्ट्रेट और कार्यकारी मजिस्ट्रेट मौके पर मौजूद रहे। दमकल वाहन, मेडिकल टीम और दो एंबुलेंस भी तैनात की गई थीं। सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों ने प्रशासन की मदद की। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
नशा तस्करों के मकानों पर भी कार्रवाई
पुलिस ने 18 नशा तस्करों के मकानों की सूची प्रशासन को सौंपी थी। रविवार को रामदरबार में इनमें से कुछ मकानों पर भी कार्रवाई की गई। सुरक्षा के मद्देनजर मौके के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी गई और स्थानीय लोगों को कार्रवाई वाली जगह से दूर रखा गया। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
जिला मजिस्ट्रेट यूटी चंडीगढ़ निशांत कुमार यादव ने कहा कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर अनधिकृत कब्जों और अवैध निर्माण के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

