Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

Railway Catering Inspection : ट्रेनों में अनधिकृत सामान पर IRCTC की सख्ती, 51 ट्रेनों की जांच; 3108 पानी की बोतलें जब्त

अम्बाला, लुधियाना, अमृतसर, कटरा और जम्मू में चला अभियान; अम्बाला में आइसक्रीम और फ्लेवर्ड मिल्क समेत 13 कार्टन अनधिकृत सामान पकड़ा

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Railway Catering Inspection : भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर अनधिकृत खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जांच अभियान तेज कर दिया है। चंडीगढ़ रीजन में पिछले एक सप्ताह के दौरान 51 ट्रेनों की जांच की गई। इस दौरान बिना मंजूरी वाले ब्रांड के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की 3108 बोतलें जब्त की गईं।

आईआरसीटीसी के अधिकारियों के अनुसार, निर्धारित खानपान मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए क्विक रिस्पांस टीमें (क्यूआरटी) गठित की गई हैं। ये टीमें रेलवे के वाणिज्यिक विभाग के साथ मिलकर ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर जांच कर रही हैं। इस दौरान बिना मंजूरी वाले पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, खाद्य एवं पेय पदार्थों तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने वाली अन्य वस्तुओं की बिक्री और भंडारण की जांच की जा रही है।

Advertisement

चंडीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय के अधीन आने वाली खानपान इकाइयों में भी औचक जांच की जा रही है। इन टीमों का नेतृत्व आईआरसीटीसी चंडीगढ़ के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक (सीआरएम) और संयुक्त महाप्रबंधक (जे.जी.एम.) कर रहे हैं।

Advertisement

अम्बाला में आइसक्रीम और फ्लेवर्ड मिल्क जब्त

10 अगस्त को सीआरएम चंडीगढ़ के नेतृत्व में क्यूआरटी ने अंबाला में दो औचक जांच कीं। इस दौरान आइसक्रीम और फ्लेवर्ड मिल्क समेत अनधिकृत उत्पादों के 13 कार्टन जब्त किए गए। टीम ने खानपान इकाइयों के लाइसेंस और प्राधिकरण संबंधी शर्तों के साथ स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की।

सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर की गई जांच में भी अनधिकृत आइसक्रीम, पेय पदार्थ और पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर जब्त किया गया।

लखनऊ में 117 ट्रेनों की जांच

आईआरसीटीसी ने अन्य क्षेत्रों में भी जांच अभियान चलाया। लखनऊ रीजन में वाणिज्यिक विभाग ने 28 जुलाई से 8 अगस्त के बीच रेलवे स्टेशनों पर व्यापक जांच की। इस दौरान 117 ट्रेनों की जांच की गई और बिना मंजूरी वाले ब्रांड के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की 5241 बोतलें जब्त की गईं।

साबरमती बीजी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन नंबर 19223 और 19031 की ट्रेन साइड वेंडिंग (टीएसवी) व्यवस्था की औचक जांच के दौरान अनधिकृत पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और छाछ ट्रेन में लोड किए जाने का मामला सामने आया। टीम ने दोनों उत्पाद जब्त कर लिए।

हावड़ा और गुवाहाटी मंडलों में भी क्यूआरटी ने कई स्थानों पर अनधिकृत खाद्य एवं पेय पदार्थ जब्त कर नष्ट किए। इनमें कामाख्या, अगरतला, कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी और डिब्रूगढ़ शामिल हैं।

आईआरसीटीसी के अनुसार, अभियान का उद्देश्य यात्रियों को केवल अधिकृत और निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही खानपान इकाइयों में लाइसेंस, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

रविवार को कैग की रिपोर्ट में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर की गई टिप्पणियों के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रेलवे नेटवर्क में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की थी। उन्होंने यात्रियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए थे।

Advertisement
×