Punjab Police Encounter : कबड्डी टीम प्रमोटर हत्याकांड : पुलिस मुठभेड़ में आरोपी हरभिंदर सिंह ढेर, दो की तलाश जारी
आदित्य कपूर और करण पाठक अब भी फरार
कबड्डी टीम प्रमोटर कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की हत्या के मामले में वांछित तीन आरोपियों में से एक हरभिंदर सिंह उर्फ मैडी मंगलवार दोपहर लालडू के पास पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ अंबाला चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई।
पुलिस ने बताया कि हरभिंदर सिंह को पुलिस कार्रवाई में निष्क्रिय किया गया। वह तरनतारन में हुई अन्य फायरिंग घटनाओं में भी शामिल रहा था और विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल का सक्रिय सहयोगी बताया गया है। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी गुलाब सिंह घायल हो गया।
बीते दो दिनों से पंजाब एजीटीएफ, एसएसओसी और जिला पुलिस की कुल 12 टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं। मोहाली के एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस भी मुठभेड़ स्थल पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में शामिल बाकी दो आरोपी आदित्य कपूर और करण पाठक की तलाश जारी है। इन्हीं दोनों ने सोमवार शाम मोहाली में कबड्डी टीम प्रमोटर कंवर दिग्विजय सिंह की गोली मारकर हत्या की थी।
ये है मामला
घटना के अनुसार, दो युवक प्रमोटर के पास सेल्फी लेने के बहाने पहुंचे और उन्हें पार्किंग के पास अलग ले जाकर बेहद नजदीक से सिर में गोलियां मार दीं। वारदात के बाद जब कुछ लोगों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपियों ने हवाई फायर कर लोगों को डराया और मौके से फरार हो गए। हत्या के बाद गोपी घनश्यामपुरिया गिरोह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था।

