Pulwama Attack : पीओके में अज्ञात हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम, पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड हमजा बुरहान मुजफ्फराबाद में ढेर
वर्ष 2019 में सीआरपीएफ काफिले पर हुए हमले की रची थी साजिश; अल-बदर का था टॉप कमांडर
Pulwama Attack : पुलवामा आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक हमजा बुरहान की पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के मुजफ्फराबाद में अज्ञात बंदूकधारियों ने हत्या कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गुरुवार को इस घटना को अंजाम दिया गया। हमजा बुरहान, जिसे अरजुमंद गुलजार डार के नाम से भी जाना जाता था, आतंकवादी संगठन अल-बदर का कमांडर था। वह मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के पुलवामा का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि मुजफ्फराबाद में रहस्यमय परिस्थितियों में अज्ञात हमलावरों ने उसे गोलियों से छलनी कर दिया।
हमले में शहीद हुए थे 40 जवान
गौरतलब है कि साल 2019 में जम्मू-कश्मीर में सीआरपीएफ के काफिले पर एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरा वाहन टकरा दिया था। इस भयानक आतंकी हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। इस घटना के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया था। हमजा बुरहान इसी हमले की साजिश रचने वालों में शामिल था। भारत सरकार ने साल 2022 में उसे विधिवत आतंकवादी घोषित किया था।
लगातार मारे जा रहे वांछित आतंकी
हालांकि कई मीडिया घरानों ने हमजा के मारे जाने की खबर दी है, लेकिन अभी तक भारतीय सुरक्षा एजेंसियों या पाकिस्तानी अधिकारियों की ओर से इस घटना की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ना ही हमलावरों की पहचान के बारे में कोई जानकारी मिल पाई है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हाल के वर्षों में पाकिस्तान और पीओके में स्थित कई वांछित आतंकी गुर्गों और कमांडरों को अज्ञात लोगों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है।
