Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

PU Sports Talent Award: हरियाणा की बेटी क्रिकेटर अदिति श्योराण को पंजाब यूनिवर्सिटी का पहला खेल प्रतिभा सम्मान

PU Sports Talent Award: गणतंत्र दिवस समारोह में पीयू कुलपति प्रो.रेणू विग के हाथों मिला सम्मान

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

PU Sports Talent Award: देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में शुमार पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) चंडीगढ़ ने हरियाणा की एक प्रतिभाशाली बेटी और युवा क्रिकेटर अदिति श्योराण को पहले स्पोर्टस एक्सीलेंस अवार्ड के लिए चुना है। सोनीपत के गांव दुभेटा की मूल निवासी स्टेट, नेशनल और बीसीसीआई लेवल पर क्रिकेट में हरियाणा का नाम रोशन कर रही अदिति श्योराण को गणतंत्र दिवस समोराह में पंजाब यूनिवर्सिटी कुलपति प्रो. रेणू विग के हाथों यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है।

पीयू ने स्कूल स्तर की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए यह सम्मान देने का फैसला लिया है। चंडीगढ़ के सेक्टर-9 स्थित कार्मल कान्वेंट स्कूल में दसवीं की छात्रा अदिति की प्रतिभा को देखते हुए पीयू ने उसे इंटरनेशनल स्तर की क्रिकेटर बनाने के लिए मेंटर के रुप में तैयार करने का फैसला लिया है।

Advertisement

डायरेक्टरेट आफ स्पोर्ट्स पीयू की ओर से यह सम्मान दिया गया है। पीयू प्रशासन हर साल कैंपस से बाहर की खेल प्रतिभाओं को यह सम्मान देगा और उन्हें आगे बढ़ने के लिए हर संभव मदद देगा। हरियाणा की इस बेटी ने सम्मान के बाद कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी जैसी प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी से किसी स्कूल स्तर की खिलाड़ी को इतना बड़ा सम्मान उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। पीयू की यह पहल बेटियों को आगे बढ़ने में मदद करेगी।

Advertisement

पंजाब के राज्यपाल का सुझाव, पीयू ने तुरंत कर डाली शुरुआत

पीयू का खेल विभाग अब कालेज और यूनिवर्सिटी ही नहीं ,बल्कि स्कूल स्तर की ऐसी कुछ खास (लड़कियों) प्रतिभाओं का मेंटर बनेगा,जो अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर लड़कियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हैं।  हाल ही में पंजाब के राज्यपाल और यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के समक्ष विभिन्न यूनिवर्सिटी के अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें राज्यपाल ने यूनिवर्सिटी प्रशासन को ना सिर्फ कैंपस स्टूडेंट्स, साथ ही स्कूल लेवल की ऐसी प्रतिभाओं को एडाप्ट(मेंटर) कर उन्हें आगे बढ़ने में मदद करने का प्रस्ताव दिया।

पंजाब यूनिवर्सिटी ने राज्यपाल के सुझाव पर अमल करते हुए चंडीगढ़ प्रशासन की क्रिकेट एकेडमी में पहली महिला क्रिकेटर के तौर पर दाखिला पाने वाली प्रतिभाशाली 16 साल की युवा क्रिकेटर अदिति श्योराण को पहले खेल प्रतिभा अवार्ड के लिए चुना है। पीयू के खेल डायरेक्टर डा.राकेश मलिक ने कहा कि अदिति श्योराण का क्रिकेट का छोटा सा सफर लड़कियों के लिए एक प्रेरणा स्रोत है। पीयू का खेल विभाग अदिति श्योराण की खेल और अन्य जरुरतों को लेकर हर संभव मदद करेगा।

प्रतिभा से अधिक जज्बे, कड़ी मेहनत और अनुशासन ने बनाया अदिति को खिलाड़ी

प्रतिभा जन्मजात हो यह जरुरी नहीं,लेकिन हरियाणा के सोनीपत की बेटी अदिति ने यह साबित किया है, कि अगर कुछ अलग करने का जज्बा और अनुशासन हो तो बेटियां कुछ भी हासिल कर सकती हैं। 12 साल की उम्र में 80 किलो वजन की इस खिलाड़ी ने लड़कों की क्रिकेट एकेडमी में 15 किलो से अधिक वजन कम किया और क्रिकेट के प्रति जुनून ने चंडीगढ़ प्रशासन को चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्थित क्रिकेट एकेडमी में लड़कों के साथ क्रिकेट खेलने के लिए दाखिला देने पर मजबूर कर दिया।

तीन चार साल से स्टेट,नेशनल और बीसीसीआइ अंडर-15 और अंडर-19 स्तर पर खेल रही अदिति 10 के करीब स्टेट स्तर पर मेडल जीत चुकी है।। अदिति यूटी क्रिकेट एसोसिएशन, चंडीगढ़ की टीम से आलराउंडर के तौर पर खेलती हैं। तीन वर्ष से बीसीसीआइ में चयन हुआ है। क्रिकेट ही नहीं दूसरे खेलों में भी नेशनल स्कूल स्तर पर चंडीगढ़ की टीम में चयन हो चुका है। अदिति 2 फरवरी से छत्तीसगढ़ में होने वाले नेशनल स्कूल सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में चंडीगढ़ टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी और तैयारी में जुटी हुई है।

Advertisement
×