PU चंडीगढ़ के प्रोफेसर पर पत्नी की हत्या का आरोप, चार साल बाद पुलिस ने दायर की चार्जशीट
Chandigarh Crime: चंडीगढ़ पुलिस ने पंजाब यूनिवर्सिटी (Panjab University) के प्रोफेसर बीबी गोयल के खिलाफ उनकी पत्नी सीमा गोयल की हत्या के मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह मामला नवंबर 2021 में दिवाली की रात सामने आया था,...
Chandigarh Crime: चंडीगढ़ पुलिस ने पंजाब यूनिवर्सिटी (Panjab University) के प्रोफेसर बीबी गोयल के खिलाफ उनकी पत्नी सीमा गोयल की हत्या के मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह मामला नवंबर 2021 में दिवाली की रात सामने आया था, जब सीमा गोयल का शव विश्वविद्यालय परिसर स्थित आधिकारिक आवास से बरामद हुआ था।
पुलिस के अनुसार शव बरामद होने के समय सीमा गोयल के हाथ-पैर रस्सियों से बंधे थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। प्रारंभिक जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी।
करीब चार वर्षों तक यह मामला रहस्य बना रहा। हालांकि जांच के दौरान पुलिस का संदेह लगातार प्रोफेसर गोयल के इर्द-गिर्द घूमता रहा। विस्तृत जांच, फोरेंसिक विश्लेषण और पॉलीग्राफ टेस्ट सहित कई चरणों के बाद दिसंबर 2025 में प्रोफेसर गोयल को गिरफ्तार किया गया।
लूट की कहानी गढ़ने का आरोप
पुलिस का दावा है कि प्रोफेसर गोयल ने जांच को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी गढ़ी। उनका कहना था कि घटना की रात वह घर की ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे। सुबह नीचे आने पर उन्होंने पत्नी को बंधी अवस्था में पाया और आरोप लगाया कि लुटेरे खिड़की से फरार हो गए, लेकिन जांच में सामने आया कि खिड़की की ग्रिल बाहर से नहीं, बल्कि अंदर से काटी गई थी, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि बाहरी घुसपैठ की कहानी संदिग्ध थी।
दूसरी पत्नी थीं सीमा गोयल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सीमा गोयल प्रोफेसर की दूसरी पत्नी थीं। अब चार्जशीट दाखिल होने के बाद मामले की सुनवाई अदालत में शुरू होगी। पुलिस का कहना है कि उनके पास पर्याप्त साक्ष्य हैं, जिनके आधार पर आरोप सिद्ध किए जाएंगे।

