PU B.Ed Entrance : पंजाब यूनिवर्सिटी में बी.एड (U.T.) चंडीगढ़ एंट्रेंस टेस्ट 2026 का शेड्यूल जारी, 12 जुलाई को परीक्षा
प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू हो गई है
पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बैचलर ऑफ एजुकेशन (बी.एड) कोर्स में दाखिले का रास्ता साफ कर दिया है। पीयू ने बुधवार को 'पीयू-बी.एड. (U.T.) चंडीगढ़ एंट्रेंस टेस्ट 2026' का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। यह प्रवेश परीक्षा 12 जुलाई 2026 (रविवार) को केवल चंडीगढ़ शहर में आयोजित की जाएगी। दाखिले की चाह रखने वाले योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट https://chandigarhbed.puchd.ac.in पर जाकर प्रॉस्पेक्टस पढ़ सकते हैं और ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
30 जून है ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि
प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू हो गई है। वेबसाइट पर जरूरी जानकारी दर्ज कर लॉगिन आईडी और पासवर्ड बनाने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 तय की गई है। इसके बाद उम्मीदवार 1 जुलाई तक ऑनलाइन माध्यम से फीस जमा कर सकेंगे। अपनी फोटो, हस्ताक्षर अपलोड करने और आवेदन पत्र की बाकी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए 2 जुलाई 2026 तक का समय दिया गया है।
आरक्षित वर्ग को फीस में छूट का प्रावधान
एससी, एसटी और दिव्यांग (PwD) वर्ग के जिन उम्मीदवारों को प्रवेश परीक्षा की फीस में छूट चाहिए, उन्हें अपने आवेदन पत्र का प्रिंटआउट और संबंधित दस्तावेज 6 जुलाई 2026 (शाम 4:00 बजे तक) असिस्टेंट रजिस्ट्रार, सीईटी सेल, अरुणा रंजीत चंद्र हॉल, पीयू में जमा करवाने होंगे। इन्हें रजिस्टर्ड पोस्ट, स्पीड पोस्ट या व्यक्तिगत रूप से भी जमा किया जा सकता है।
7 जुलाई से डाउनलोड कर सकेंगे एडमिट कार्ड
उम्मीदवारों के लिए एडमिट कार्ड 7 जुलाई 2026 से वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। उम्मीदवार अपनी लॉगिन आईडी और पासवर्ड की मदद से इन्हें डाउनलोड कर सकेंगे, जिसकी सूचना उन्हें ईमेल के जरिए भी दी जाएगी। प्रवेश परीक्षा संपन्न होने के बाद 6 अगस्त 2026 की शाम को दाखिले के लिए अस्थायी मेरिट सूची जारी कर दी जाएगी। इसके बाद 12 और 13 अगस्त 2026 को काउंसलिंग का पहला चरण आयोजित किया जाएगा।
इन चार संस्थानों की 250 सीटों पर मिलेगा दाखिला
प्रवेश परीक्षा की मेरिट और काउंसलिंग के आधार पर चंडीगढ़ के चार प्रमुख संस्थानों में दाखिला दिया जाएगा। सीटों का विवरण इस प्रकार है:
गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन, सेक्टर 20-D: 100 सीटें
देव समाज कॉलेज ऑफ एजुकेशन, सेक्टर 36-B: 100 सीटें
गवर्नमेंट रिहैबिलिटेशन इंस्टीट्यूट फॉर इंटेलेक्चुअल डिसेबिलिटीज (GRIID), सेक्टर 31-C: बी.एड स्पेशल एजुकेशन (इंटेलेक्चुअल डिसेबिलिटी) में 30 सीटें
गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ योगा एजुकेशन एंड हेल्थ, सेक्टर 23-A: 20 सीटें
पात्रता और दाखिला प्रक्रिया से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवार नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट चेक कर सकते हैं।
