PU Admission: 12वीं पास छात्रों के लिए पंजाब यूनिवर्सिटी से BBA-MBA करने का सुनहरा मौका, जानें क्या है दाखिले की प्रक्रिया
UIAMS में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 23 जून, 12वीं में कॉमर्स वाले छात्रों को मेरिट में मिलेगा 10% अतिरिक्त वेटेज
पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अपने प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड मैनेजमेंट साइंसेज (यूआईएएमएस) में बीबीए-एमबीए (सेक्टोरल) पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड प्रोग्राम में दाखिले की प्रक्रिया की विधिवत शुरुआत कर दी है। वीरवार को पीयू की कुलपति प्रो. रेणु विग ने इस कोर्स का दाखिला पोस्टर औपचारिक रूप से जारी कर छात्रों से आवेदन आमंत्रित किए।
मैनेजमेंट के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक छात्र आधिकारिक वेबसाइट https://uiamsadmissions.puchd.ac.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। दाखिला वेबसाइट पर अपनी प्रारंभिक जानकारी जमा करने और लॉगइन आईडी व पासवर्ड बनाने की अंतिम तिथि 23 जून (मंगलवार) निर्धारित की गई है।
मेरिट और पात्रता के नियम
यूआईएएमएस के इस इंटीग्रेटेड कोर्स में दाखिला पूरी तरह से मेरिट के आधार पर किया जाएगा, इसमें किसी प्रकार की प्रवेश परीक्षा नहीं होगी। मेरिट सूची तैयार करने के लिए 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों का 50 प्रतिशत और 12वीं (10+2) में प्राप्त अंकों का 50 प्रतिशत हिस्सा जोड़ा जाएगा। इसके अलावा, जिन छात्रों ने 12वीं कक्षा में कॉमर्स विषय की पढ़ाई की है, उन्हें 10 प्रतिशत अतिरिक्त वेटेज का लाभ दिया जाएगा।
दाखिले के लिए न्यूनतम योग्यता किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्था से 12वीं कक्षा में 50 प्रतिशत अंक है। आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स स्ट्रीम के सभी छात्र इस कोर्स के लिए आवेदन करने के पात्र हैं। वहीं, पीयू के नियमों के तहत एससी, एसटी, बीसी और दिव्यांग (पीड़ब्ल्यूडी) श्रेणी के उम्मीदवारों को न्यूनतम अंकों में 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
लीडरशिप और प्लेसमेंट पर फोकस
पोस्टर जारी करने के अवसर पर कुलपति प्रो. रेणु विग ने यूआईएएमएस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह कोर्स छात्रों की प्रबंधकीय क्षमता और नेतृत्व कौशल को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि यह कोर्स भविष्य में उद्योग और समाज की बदलती जरूरतों के हिसाब से तैयार किया गया है। अलग-अलग अकादमिक पृष्ठभूमि के छात्रों को इस बेहतरीन मौके का लाभ उठाना चाहिए।
वहीं, यूआईएएमएस की डायरेक्टर प्रो. अनुप्रीत कौर मावी ने बताया कि इस प्रोग्राम को मजबूत विश्लेषणात्मक और अंतर-अनुशासनात्मक (इंटर-डिसिप्लिनरी) कौशल प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है। अपने शानदार प्लेसमेंट रिकॉर्ड और बेहतरीन अकादमिक ढांचे के कारण ही यह कोर्स देशभर के छात्रों की पहली पसंद बनता जा रहा है।
इन वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की अध्यक्षता यूआईएएमएस की डायरेक्टर प्रो. अनुप्रीत कौर मावी ने की। इस अवसर पर डीन यूनिवर्सिटी इंस्ट्रक्शन प्रो. मीनाक्षी गोयल, डीन छात्र कल्याण प्रो. वाई. के. रावल, डीन छात्र कल्याण (महिला) प्रो. नमिता गुप्ता, पीआई-राही के डायरेक्टर प्रो. रजत संधीर और एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ. परवीन गोयल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा डॉ. मन्नू शर्मा, डॉ. रचिता संब्याल, ट्रेनिंग व प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. अमनदीप सिंह मरवाहा और सहायक रजिस्ट्रार मनजीत सिंह ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

