मोहाली में प्रॉपर्टी डीलर ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, पार्टनर दंपति पर केस दर्ज
फेज-7 निवासी प्रॉपर्टी डीलर शविंदर ने शनिवार को गांव कंबाली के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के...
फेज-7 निवासी प्रॉपर्टी डीलर शविंदर ने शनिवार को गांव कंबाली के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फेज-6 सिविल अस्पताल भिजवाया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार शविंदर की सेक्टर-82 में ‘प्रॉपर्टी नेटवर्क’ के नाम से फर्म है। परिजनों ने बताया कि वह शनिवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकला था। वह अपनी गाड़ी और मोबाइल घर पर ही छोड़ गया था।
माना जा रहा है कि वह ऑटो से रेलवे स्टेशन पहुंचा। करीब पौने 12 बजे उसने मुंबई पश्चिमी एक्सप्रेस के आगे कूदकर जान दे दी। दोपहर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की और बाद में पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी। शाम को जीआरपी टीम ने ट्रैक पर शव मिलने की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार को घटना का पता चला। शविंदर के दोनों बच्चे आइस हॉकी के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी बताए जा रहे हैं। घटना से परिवार और इलाके में शोक का माहौल है।
जीआरपी थाना मोहाली के इंचार्ज एएसआई सतपाल सिंह ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने आशीष महाजन और उसकी पत्नी हेमा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 और 3/5 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार का आरोप है कि आशीष महाजन शविंदर का बिजनेस पार्टनर था। उसने कुछ प्रॉपर्टी धोखे से अपनी पत्नी के नाम ट्रांसफर करवा ली थी, जिससे शविंदर मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद था। जांच अधिकारी के मुताबिक सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

