रेड के दौरान पुलिस टीम पर हमला, सब इंस्पेक्टर घायल; दो आरोपी गिरफ्तार
जिले के खरड़ सब-डिवीजन के हरलालपुर गांव में बुधवार दोपहर नशीले पदार्थों के एक मामले में रेड करने पहुंची पुलिस टीम पर युवकों के एक समूह ने हमला कर दिया। इस दौरान सब-इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह घायल हो गए। पुलिस ने...
जिले के खरड़ सब-डिवीजन के हरलालपुर गांव में बुधवार दोपहर नशीले पदार्थों के एक मामले में रेड करने पहुंची पुलिस टीम पर युवकों के एक समूह ने हमला कर दिया। इस दौरान सब-इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह घायल हो गए। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। यह घटना दोपहर करीब सवा 2 बजे की है, जब सदर खरड़ थाने की पुलिस टीम सब-इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह के नेतृत्व में, एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में संदिग्ध की गिरफ्तारी के लिए हरलालपुर गांव पहुंची थी। पुलिस टीम जैसे ही आरोपी को पकड़ने लगी, तभी वहां मौजूद कुछ युवकों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध ने हिंसक रूप ले लिया और युवकों के समूह ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इस दौरान एक पत्थर सब-इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह के माथे पर लगा, जिससे वह घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मियों व आरोपियों के बीच हाथापाई भी हुई। इस झड़प में कुछ पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फट गई।
घायल सब-इंस्पेक्टर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। खरड़ के डीएसपी करण सिंह संधू ने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों दांउ गांव निवासी गुरकीरत सिंह और अल्लाहपुर गांव निवासी दविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों पर सरकारी कर्मचारी पर हमला करने और उसे ड्यूटी से रोकने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
डीएसपी ने कहा कि हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।

