Pinjore Cloth Merchant Killed : जहां हत्या हुई थी वहीं हथकड़ियां पहना और सिर मुंडवाकर बाजार लाए गए हत्यारोपी, पुलिस ने बीच बाजार करवाया सीन रीक्रिएट
लंगडाते और सिर मुंडे आरोपियों को देख पिंजौर मेन बाजार के लोगों का कम हुआ खौफ, 100 मीटर तक पैदल घुमाकर पुलिस ने समझी वारदात की पूरी कहानी
Pinjore Cloth Merchant Killed : पिंजौर मेन बाजार में दिनदहाड़े कपड़ा व्यापारी जितेश मनोचा उर्फ किट्टू की पीट-पीट कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इन आरोपियों को शाम के समय घटनास्थल पर लेकर पहुंची और पूरी वारदात का सीन रीक्रिएट करवाया। इस दौरान आरोपियों की हालत देखकर इलाके के लोगों में व्याप्त दहशत काफी हद तक कम हुई।
दहशत कम करने के लिए बाजार में पैदल घुमाया
पुलिस जब चारों आरोपियों को गाड़ी में बिठाकर पिंजौर बाजार लाई, तो उन्हे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस ने सभी आरोपियों के सिर मुंडवा दिए थे। इनमें से एक आरोपी के पैर में पट्टी बंधी थी और वह लंगड़ा कर चल रहा था। पुलिस ने हथकडी लगे इन आरोपियों को भरे बाजार में करीब 100 मीटर तक पैदल भी घुमाया। लगभग 10 मिनट तक पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की और यह समझने की कोशिश की कि वारदात के समय गाड़ी कहा खड़ी थी, वे किस तरफ से आए थे और किधर भागे थे। गत दिवस हुई इस वारदात से लोगों में भारी दहशत थी, लेकिन पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से लोगों को कुछ सुकून मिला।
दुकान के बाहर गाड़ी में बैठे थे जितेश, तभी हुआ था हमला
उल्लेखनीय है कि गत दिवस किट्टू मनोचा अपनी दुकान 'मनोचा क्लॉथ हाउस' के सामने अपने एक दोस्त के साथ काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान डंडों से लैस होकर आरोपी वहा पहुंचे और किट्टू को गाड़ी से बाहर खींच लिया। आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ डंडे बरसाने शुरू कर दिए, जिससे किट्टू की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसी देर शाम चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
