Panjab University : बॉटनी विभाग में B.Sc. और M.Sc. ऑनर्स के लिए आवेदन शुरू, जानें सीटें और शेड्यूल
नया सिलेबस राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के तहत तैयार
पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) के प्रतिष्ठित बॉटनी विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएससी (ऑनर्स) और एमएससी (ऑनर्स) पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यूनिवर्सिटी ने इसके लिए योग्य उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं। खास बात यह है कि दोनों ही पाठ्यक्रमों का नया सिलेबस राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के प्रावधानों के तहत तैयार किया गया है।
जानिए सीटों का पूरा गणित
बॉटनी विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बीएससी (ऑनर्स) बॉटनी में कुल 20 सीटें हैं। इसके अलावा 3 सीटें एनआरआई (NRI) और 5 सीटें विदेशी नागरिकों के लिए आरक्षित रखी गई हैं। वहीं, एमएससी (ऑनर्स) बॉटनी में सामान्य वर्ग के लिए 25 सीटें हैं, जबकि 4 सीटें एनआरआई और 6 सीटें विदेशी छात्रों के लिए तय की गई हैं।
इस तरह बनेगी मेरिट और दाखिले का शेड्यूल
दाखिले के लिए पीयू-सेट (PU-CET) परीक्षा और एकेडमिक रिकॉर्ड दोनों को आधार बनाया जाएगा।
B.Sc. (ऑनर्स): इसमें दाखिले के लिए 75 फीसदी वेटेज पीयू-सेट (UG) परीक्षा को और 25 फीसदी वेटेज उम्मीदवार के पिछले एकेडमिक परफॉर्मेंस को दिया जाएगा। इसकी काउंसिलिंग और दाखिला प्रक्रिया 13 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक चलेगी।
M.Sc. (ऑनर्स): पोस्ट ग्रेजुएशन में एडमिशन के लिए 60 फीसदी वेटेज पीयू-सेट (PG) को और 40 फीसदी वेटेज पिछली कक्षा के नंबरों को मिलेगा। इसके लिए दाखिले का शेड्यूल 13 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक तय किया गया है।
1919 में लाहौर में हुई थी विभाग की स्थापना
यह विभाग पीयू के सबसे पुराने विभागों में से एक है, जिसकी स्थापना साल 1919 में लाहौर में हुई थी और बाद में 1960 में इसे चंडीगढ़ शिफ्ट किया गया। विभाग में आधुनिक प्रयोगशालाएं, सेंट्रल इंस्ट्रूमेंटेशन लैब, रूसा (RUSA) लैब और एक समृद्ध लाइब्रेरी है जिसमें 6,900 से अधिक किताबें हैं।
इसके अलावा, यहां का 'पी.एन. मेहरा बोटेनिकल गार्डन' और 'पैन हर्बेरियम' छात्रों के लिए मुख्य आकर्षण हैं, जहां कैक्टस हाउस, ऑर्किड हाउस और फर्न हाउस जैसी विशेष सेक्शन मौजूद हैं।
करियर के बेहतरीन विकल्प: यहां से पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्र टीचिंग, रिसर्च, फार्मास्युटिकल, एग्रीकल्चर, आयुर्वेद, बीज और एग्रोकेमिकल इंडस्ट्री के अलावा भारतीय वन सेवा (IFS) जैसी सरकारी नौकरियों में बेहतरीन करियर बना सकते हैं।
इच्छुक उम्मीदवार दाखिले, पात्रता और एंट्रेंस टेस्ट से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए पंजाब यूनिवर्सिटी के आधिकारिक एडमिशन पोर्टल और विभाग की वेबसाइट पर लॉग इन कर सकते हैं।
