Panchkula Samadhan Camp : मोरनी के गवाही गांव में सड़क से अतिक्रमण हटाने के निर्देश
समाधान शिविर में उपायुक्त ने तीन शिकायतें सुनीं, अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्रवाई के आदेश
मोरनी के गांव गवाही में पीडब्ल्यूडी की सड़क पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत पर उपायुक्त सतपाल शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता को मौके का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटवाने को कहा।
सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त ने ग्रामीणों की तीन शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनका प्राथमिकता से निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
झाड़ियों और पेड़ों के कारण यातायात प्रभावित
कंडियाला गांव में सड़क किनारे झाड़ियों और पेड़ों के कारण यातायात प्रभावित होने की शिकायत पर भी उपायुक्त ने संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सफाई करवाने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
उपायुक्त ने अधिकारियों को शिकायतों का बिना विलंब निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलावासियों से समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज करवाने की अपील भी की।
इस अवसर पर डीसीपी आदिती सिंह, एडीसी विवेक आर्या, एसडीएम मन्नत राणा, नगराधीश जागृति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

