होली को लेकर पंचकूला पुलिस मुस्तैद, 35 नाके लगेंगे, एल्कोसेंसर भी तैयार
जिले भर में करीब 370 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
रंगों के त्योहार होली को भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने के लिए पंचकूला पुलिस प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। जिलावासियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पुलिस द्वारा व्यापक तैयारियां की गई है, ताकि त्यौहार की खुशियों में कोई खलल न पड़े।
पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि त्योहार की आड़ में हुड़दंग मचाने वाले या अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के साथ किसी भी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जिले भर में करीब 370 पुलिसकर्मियों की तैनाती की है, जिनकी सीधी निगरानी एसीपी स्तर के अधिकारियों द्वारा की जाएगी। शहर के कोने-कोने पर नजर रखने के लिए 35 विशेष नाके लगाए गए हैं, जिनमें से 16 नाकों पर एल्कोसेंसर के जरिए जांच की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा चक्र को मजबूत करने के लिए 25 राइडर, 19 ईआरवी और 11 पीसीआर गाड़ियों लगातार गश्त पर रहेंगी। कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी थाना प्रभारियों और गश्ती दलों के बीच रीयल-टाइम तालमेल बिठाया जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति पर तुरंत काबू पाया जा सके। इसके अलावा मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट बाइक से पटाखे की आवाज निकालकर दहशत फैलाने वालों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
प्रशासन ने आम जनता से सहयोग की अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति नशा कर हुड़दंग करता है या व्यवस्था बिगाडऩे की कोशिश करता है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस चौकी, थाने में सूचना दें।

