Panchkula News : जनगणना ड्यूटी से गायब 21 कर्मचारियों पर FIR और निलंबन की तैयारी, पंचकूला उपायुक्त सख्त
लापरवाही बर्दाश्त नहीं: कालका के चार्ज अधिकारी को दो दिन का नोटिस, मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की कार्यों की समीक्षा।
Panchkula News : हरियाणा में चल रहे जनगणना कार्य में तेजी लाने और व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने अब बेहद कड़ा रुख अपना लिया है। राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सीधे निलंबन और कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। इसी कड़ी में पंचकूला जिले में जनगणना ड्यूटी से लगातार नदारद चल रहे 21 कर्मचारियों की पहचान की गई है, जिन पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।
लघु सचिवालय सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त सतपाल शर्मा ने ड्यूटी में कोताही बरतने वालों के खिलाफ सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी बार-बार कहे जाने के बावजूद ड्यूटी पर रिपोर्ट नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही संबंधित विभागों को पत्र लिखकर उन्हें तुरंत निलंबित करने की सिफारिश की जाएगी।
लापरवाही पर कड़ा रुख, चार्ज अधिकारी को नोटिस
नगर निगम पंचकूला की ओर से ऐसे 21 लापरवाह कर्मचारियों के नामों की सूची जिला प्रशासन को भेज दी गई है, जिसके बाद अब विभागीय और कानूनी कार्रवाई की फाइल आगे बढ़ा दी गई है। प्रशासनिक चाबुक सिर्फ कर्मचारियों पर ही नहीं, बल्कि अधिकारियों पर भी चला है। नगर परिषद कालका के चार्ज अधिकारी दीपक सुखिजा को प्रशासन ने दो दिन का कड़ा नोटिस जारी किया है। स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि अगले दो दिनों के भीतर उनके क्षेत्र में जनगणना कार्य में संतोषजनक सुधार नहीं दिखा, तो उनके खिलाफ भी सीधे निलंबन की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य इस पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करना है, इसलिए किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे घर आने वाले जनगणना कर्मचारियों को सही और पूरी जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें।
मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की समीक्षा
इस प्रशासनिक सख्ती की मुख्य वजह हरियाणा सरकार के शीर्ष स्तर से मिले कड़े निर्देश हैं। रविवार को हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी तथा राजस्व विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों के साथ एक अहम बैठक की।
इस उच्च स्तरीय बैठक में जनगणना कार्यों की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की गई। शीर्ष अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा कि जनगणना के काम में तेजी लाई जाए और जो भी कर्मचारी या अधिकारी इसमें बाधा बनता है या लापरवाही बरतता है, उसके खिलाफ तत्काल प्रभाव से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। इसी आदेश के बाद पंचकूला जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है।
