Paddy Procurement Verification : धान खरीद से पहले वेरिफिकेशन पूरा करे प्रशासन : प्रदीप चौधरी
किसानों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, मार्केट कमेटी में हो समाधान
Paddy Procurement Verification : कालका के पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी ने धान खरीद शुरू होने से पहले किसानों की फसल के लंबित वेरिफिकेशन जल्द पूरा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कई किसानों की फसल का वेरिफिकेशन हो चुका है, लेकिन कुछ मामले अभी भी लंबित हैं। गेट पास कटवाने पहुंचने पर किसानों को वेरिफिकेशन लंबित होने की जानकारी मिल रही है।
पटवारी और कार्यालयों के चक्कर लगा रहे किसान
प्रदीप चौधरी ने कहा कि वेरिफिकेशन लंबित होने के कारण किसानों को पटवारी और संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान पहले ही अपनी धान की फसल मंडी तक पहुंचाने की तैयारी में जुटे हैं और ऐसे में गेट पास के लिए वेरिफिकेशन की प्रक्रिया परेशानी बढ़ा रही है।
मार्केट कमेटी कार्यालय में हो समाधान
पूर्व विधायक ने प्रशासन से किसानों की सुविधा के लिए मार्केट कमेटी कार्यालय में ही वेरिफिकेशन की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कहा कि संबंधित पटवारियों की ड्यूटी कार्यालय में लगाई जा सकती है, ताकि किसानों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने की मांग की।

