मनरेगा योजना ‘कमजोर’ करने का विरोध
मनवीर कौर गिल, सुधा भारद्वाज व संजय चौहान ने की कार्यक्रम में शिरकत
महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर कालका विधानसभा क्षेत्र के गांव बाढ़ व प्रेमपुरा में जिला कांग्रेस कमेटी पंचकूला के जिला प्रधान संजय चौहान की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा केंद्र व हरियाणा की भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मनरेगा योजना के नाम परिवर्तन एवं उसके कमजोर क्रियान्वयन को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस प्रधान संजय चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार जमीनी हकीकत से दूर केवल खोखले दावे कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार 125 दिन रोजगार देने की बात कर रही है, जबकि आज तक वह गरीबों को 100 दिन का रोजगार भी सुनिश्चित नहीं कर पाई। इस अवसर पर मनवीर कौर गिल, पूर्व प्रत्याशी कालका विधानसभा एवं प्रदेश कांग्रेस नेत्री ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले मनरेगा योजना के तहत पूरा 100 प्रतिशत फंड केंद्र सरकार द्वारा दिया जाता था, लेकिन अब भाजपा सरकार ने इसे बदलकर 60 प्रतिशत केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत हरियाणा सरकार पर डाल दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि वह अपना 40 प्रतिशत हिस्सा समय पर दे सके, जिसका सीधा नुकसान गरीब मजदूरों को उठाना पड़ेगा।
मनवीर कौर गिल ने कहा कि गांव के गरीब व्यक्ति के लिए मनरेगा ही एकमात्र सहारा था, जिसमें पंचायतों को अधिकार प्राप्त थे कि जो भी जरूरतमंद व्यक्ति आवेदन करे, उसे 100 दिन का रोजगार दिया जाए। लेकिन आज भाजपा सरकार की नीतियों के कारण गरीब आदमी केंद्र और राज्य सरकारों के बीच पिसकर रह गया है। कार्यक्रम में महिला अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, जिला सुषमा खन्ना (जनरल सेक्रेटरी), चंचल शर्मा, अशोक (पूर्व सरपंच, गांव बाढ़), मुनीर बेगम, सहित गांव बाढ़ व प्रेमपुरा के कई वर्तमान व पूर्व सरपंच तथा अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

